
Greater Noida: सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के खेड़ी भनौता गांव की रहने वाली एक महिला के साथ मारपीट और छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने तीन महीने बाद मुकदमा दर्ज किया है। कोर्ट के आदेश पर अब यह मुकदमा दर्ज हुआ है। जबकि घटना के समय महिला ने पुलिस से शिकायत की थी। महिला से पूर्व में भी मारपीट की गई थी। इसकी शिकायत पुलिस में करने पर आरोपियों ने फिर से महिला को रास्ते में रोककर पीटा था और छेड़छाड़ की थी।
महिला का आरोप है कि 11 सितंबर की शाम वह अपने घर से खेत पर जा रही थी। रास्ते में गांव के रहने वाले आरोपियों ने उनके साथ यह कहते हुए मारपीट की तू बहुत पुलिस से शिकायत करती है आज तुझे सबक सिखाते हैं। आरोपियों ने महिला के साथ बदसूलकी और छेड़छाड़ की थी। धमकी दी कि अगर आज के बाद तूने पुलिस में कोई शिकायत की तो तुझे और तेरे परिवार को जान से मार देंगे। पीड़िता किसी तरह अपनी जान बचाकर घर पहुंची थी। जिसकी शिकायत पुलिस से की थी। लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की थी।
मजबूरन महिला ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अब घटना के तीन महीने बाद कोर्ट के आदेश पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने अरुण, टिल्लू, सबिंदर, इंदर और जल्लो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।