
Greater Noida : थाना सूरजपुर क्षेत्र के साइट बी स्थित अमेजॉन के सेंट्रल वेयरहाउस से 12.25 लाख रूपये की लूट का खुलासा करने के लिए पुलिस की 4 टीमें लगी हुई है। बदमाशों की शिनाख्त करने के लिए पुलिस वेयर हाउस तथा अन्य कंपनियों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा राम बदन सिंह ने बताया कि वेयर हाउस में हुई लूट के मामले का खुलासा करने के लिए तेजतर्रार पुलिसकर्मियों की चार टीमें लगाई गई हैं। यह टीमें मुखबिरों के माध्यम से बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज खंगाल कर बदमाशों की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। कुछ संदिग्धों से भी इस मामले में पूछताछ की गई है। पुलिस को इस मामले में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं।
आपको बता दें कि रविवार तड़के तीन हथियारबंद बदमाशों ने साइट बी स्थित अमेजन के वेयरहाउस में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पल्सर बाइक पर पहुंचे 3 बदमाशों में से दो बदमाश तमंचा लेकर वेयरहाउस के भीतर पहुंचे और सुरक्षाकर्मी छोटेलाल को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद एक बदमाश पास के केबिन में घुसा और वहां से नोटों से भरी तिजोरी को उठाकर बाहर ले गया। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। इस मामले में अमेजन कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि गौरव गुप्ता ने मुकदमा दर्ज कराया है।