
Greater Noida : (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के थाना जारचा पुलिस ने पिछले दिनों सैंथली गांव के पास सड़क किनारे पड़े मिले युवक के शव की गुत्थी सुलझा ली है। युवक की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में एक ट्रक चालक है जिसने शव को अलीगढ़ से लाकर सैंथली गांव के पास फेंका दिया था। इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने में पुलिस को सीसीटीवी कैमरों से अहम सुराग हाथ लगे थे।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा अशोक कुमार ने बताया कि दो दिन पूर्व सैंथली गांव के धर्म कांटे के पास एक युवक का शव मिला था। प्रारंभिक जांच पड़ताल में पुलिस को पता चला कि शव एक ट्रक से फेंका गया था। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को इस बारे में अहम सुराग मिले।
थाना प्रभारी ज्ञानचंद व उनकी टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ट्रक चालक भोलू राजपूत को हिरासत में लिया। भोलू राजपूत से जब पूछताछ की गई तो उसने तमाम राज उगल दिए। भोलू राजपूत से मिली जानकारी के बाद मृतक की पहचान रामपुर म्याना अलीगढ़ निवासी राजू उर्फ कालिया के रूप में हुई। 11 सितंबर की रात को राजू ने रामपुर गांव में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास एक ट्रक चालक के साथ बैठकर शराब पी।
शराब पीने के बाद उसका पेट्रोल पंप के चौकीदार महेंद्र पाल शर्मा से विवाद हो गया। विवाद के दौरान महेंद्र पाल शर्मा ने डंडे से उसकी पिटाई कर दी। सिर में डंडा लगने से राजू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राजू के मरने पर महेंद्र पाल शर्मा के होश उड़ गए और उसने शव को ठिकाने लगाने के लिए वहां खड़े ट्रक चालक भोलू राजपूत का सहारा लिया।
एडीसीपी ने बताया कि महेंद्र पाल शर्मा और भोलू राजपूत ने शव को तिरपाल में लपेटकर ट्रक में रख दिया। भोलू राजपूत अलीगढ़ से ट्रक लेकर चला और उसने शव को सैंथली गांव के पास फेंक दिया था। Greater Noida News