
Greater Noida News : यूपी के ग्रेटर नोएडा जैसे जैसे इलेक्ट्रानिक वाहनों की संख्या बढ़ती जा रही है, उस मात्रा में इन वाहनों को चार्ज करने के लिए स्टेशनों की व्यवस्था नहीं है। इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करने के लिए धडल्ले से बिजली चोरी की जा रही है। ग्रेटर नोएडा में बिजली चोरी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां पर ई रिक्शाओं तथा अन्य इलेक्ट्रानिक वाहनों को चार्ज करने के लिए बिजली चोरी करके चार्जिंग स्टेशन चलाया जा रहा था।
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर में सेवा राम नामक एक व्यक्ति द्वारा बिजली चोरी करके चार्जिंग स्टेशन का संचालन किया जा रहा था। यहां पर चोरी की बिजली से ही आरओ प्लांट भी चलाया जा रहा था। मौके से सेवाराम के अलावा दीपक भाटी नामक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। यह कार्यवाही नोएडा पॉवर कॉरपोरेशन लि. (एनपीसीएल) के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम द्वारा की गई है।
आरोप है कि दीपक भाटी 12 किलोवाट लोड जोड़कर बड़े पैमाने पर बिजली की चोरी कर रहा था। एनपीसीएल की टीम ने सूरजपुर के अलावा डाबरा, सलेमपुर गुर्जर, नवादा, घोड़ी बछेड़ा, खोदना खुर्द, डेल्टा, चाई 3 और पी 3 इलाकों में भी कई जगहों पर बिजली चोरी पकड़ी है। कुल 104 किलोवाट की बिजली चोरी पकड़ी गई। आरोपियों पर 80 लाख का जुर्माना भी लगाया गया है।
अवैध रुप से संचालित हो रहे इस चार्जिंग स्टेशन पर चोरी की बिजली से 13 ई-रिक्शा चार्ज करने की व्यवस्था की गई है। आरोपी सेवाराम ने कोई बिजली कनेक्शन नहीं ले रखा है और अवैध रुप से बिजली का कनेक्शन चला रहा था।
एनपीसीएल प्रबंधन ने क्षेत्र के सभी बिजली उपभोक्तओं से अपील की है कि वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें और बिजली चोरी से दूर रहें। आपको बता दें कि बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ एनपीसीएल द्वारा अभियान चलाया गया है और अगले कुछ दिनों में यह अभियान और भी तेजी से चलाया जाएगा।