
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर ग्रेटर नोएडा के किसानों द्वारा दिया जा रहा धरना आखिरकार शनिवार को समाप्त हो गया। शनिवार को प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) रवि कुमार एनजी किसानों के बीच पहुंचे और किसानों की सभी मांगों तथा समस्याओं का समाधान किए जाने का आश्वासन दिया। आपको बता दें कि इस बाबत चेतना मंच ने पहले ही खबर प्रकाशित कर दी थी कि अब जल्द ही किसानों की सभी समस्याओं का समाधान हो जाएगा और प्राधिकरण व किसानों के बीच सहमति बन जाएगी।
आपको बता दें कि किसान सभा के बैनर तले ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के सैकड़ों किसान पिछले करीब चार माह से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे थे। अपनी मांगों को लेकर किसानों ने 12 सितंबर प्राधिकरण कार्यालय पर तालाबंदी भी की थी। तालाबंदी होने के बाद किसानों के एक प्रतिनिधि मंडल और प्राधिकरण के अफसरों के बीच एक बैठक हुई थी। यह बैठक करीब दो घंटे तक चली थी और इस बैठक में ही यह तय हो गया था कि किसानों की मांगों को लेकर एक एक्शन कमेटी का गठन किया जाएगा, जो किसानों की समस्याओं का अनुमोदन करेगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी शनिवार को धरनारत किसानों के बीच पहुंचे और उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि अब उनकी सभी समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा। किसानों की समस्याओं और मांगों को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। सीईओ के इस आश्वासन के बाद किसानों ने अपना धरना समाप्त करने की घोषणा की।
किसानों और प्राधिकरण के बीच हुए समझौते के अनुसार 10% आबादी प्लाट नए कानून को लागू करने समेत सभी मुद्दों पर प्राधिकरण और किसानों के बीच 100 प्रतिशत सहमति बन गई है। ज्यादातर मसले अक्टूबर माह में होने वाली प्राधिकरण की बोर्ड बैठक से पास कर दिए जाएंगे। मुख्य मुद्दा 10% आबादी प्लाट को अक्टूबर माह की बोर्ड बैठक से पास कर दिया जाएगा। किसानों को प्राधिकरण की तरफ से मीटिंग मिनट्स मिल गया है। किसान सभा के प्रवक्ता डॉक्टर रुपेश वर्मा ने समझौते के बारे में 3 दिन से चल रही प्रक्रिया के अनुसार धरने पर मौजूद सैकड़ों लोगों का अवगत कराया कि 3 दिन से समझौते का ड्राफ्ट तैयार हो रहा है। ड्राफ्ट को किसान सभा की जिला एक्शन कमेटी ने अनुमोदित किया है। कमेटी के अनुमोदन के बाद धरनारत किसानों के सदन ने समझौते का अनुमोदन किया है और धरने को 31 अक्टूबर तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नागर ने कहा कि मुख्य कार्यपालक अधिकारी से किसानों को समझौते के अनुसार कार्रवाई करने का पूर्ण आश्वासन मिला है और किसानों को ऐसे सकारात्मक मुख्य कार्यपालक अधिकारी से कार्रवाई की पूरी आशा है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने धरना स्थल पर आकर किसानों से वादा किया कि वह भी किसान परिवार से हैं और किसानो की सभी समस्याओं को गंभीरता के साथ हल करने का काम करेंगे। किसान सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ब्रह्मपाल सूबेदार ने कहा कि यह लड़ाई लोगों की सामूहिक भावना के आधार पर जीती गई है। विपक्षी पार्टियों और सभी किसान संगठनों का भूतपूर्व सहयोग मिलने की वजह से लड़ाई अपने मुकाम तक पहुंची है।
नोएडा- दिल्ली में तेज हवा, बारिश के आसार, जानें मौसम का हाल Noida Weather Forecast
जय जवान जय किसान आंदोलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील फौजी ने कहा कि किसानों की एकता ही उनकी ताकत है। स्थाई मोर्चा लगाकर लड़ाई जीती जा सकती है। सुनील फौजी ने कहा कि नए कानून पर शासन स्तर पर कार्रवाई के लिए पुलिस कमिश्नर मैडम के माध्यम से मुख्यमंत्री तक किसानों के प्रतिनिधि मंडल की वार्ता कराई जाने पर सहमति बनी है और प्राधिकरण सरकार द्वारा किसानों के मुद्दों पर कार्रवाई आगे बढ़ेगी तो हम आंदोलन स्थगित रखेंगे। अन्यथा की स्थिति में 1 नवंबर से दोबारा स्थाई मोर्चा लगाकर लड़ाई शुरू कर दी जाएगी।
किसान सभा की खानपुर कमेटी के नेता सुरेंद्र भाटी ने कहा कि किसान सभा की लड़ाई अपने मुकाम तक किसानों की एकता के दम पर पहुंची है। समझौते के अनुसार प्राधिकरण और सरकार यदि कार्रवाई नहीं करते हैं तो लड़ाई दोबारा 1 नवंबर से शुरू कर दी जाएगी। किसान सभा पूरे संकल्प के साथ लड़ाई में उतरी है। मुद्दों को हल किए बिना चैन से नहीं बैठेंगे।
Greater Noida Newsकिसान सभा के सचिव जगदीश नंबरदार में सभी पार्टी के नेताओं और सहयोगी किसान संगठनों का आभार व्यक्त किया। इसके अलावा उन्होंने किसान आंदोलन के दौरान रात-दिन भूमिका निभाने वाली महिलाओं और किसानों का आभार प्रकट किया। सभी किसानों ने इंकलाबी नारे लगाए और भविष्य की लड़ाई के लिए मुस्तादी के साथ तैयारी करने का वादा किया। Greater Noida News