
Greater Noida : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक हैरतंगेज खबर सामने आई है। ग्रेटर नोएडा के नजदीक बसे कस्बा जेवर में दो युवकों को चोरी के शक में अपने घर पर बुलाकर कुछ लोगों ने दोनों युवकों को प्रताड़ित किया और उनके गुप्तांग पर मिर्च पावडर लगाकर वीडियो बना लिया। बाद में वीडियो को वायरल कर दिया गया। इस मामले में थाना जेवर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। हालांकि पीड़ित युवको को सोमवार को ही फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका है।
ग्रेटर नोएडा के नजदीक बसे कस्बा जेवर तीन दिन पूर्व चोरी की एक बाइक का मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस चोरी की बाइक के साथ दो युवकों को पहले ही जेल भेज चुकी है। अब इस मामले में पकड़े गए आरोपियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो में बाइक चोरी के आरोपियों के गुप्तांग पर मिर्च पावडर लगाने की बात कही जा रही है।
जेवर के मोहल्ला रावतिया निवासी संजय सिंह का आरोप है कि उसके बेटे व एक अन्य युवक को पड़ोस के रहने वाले मोहरपाल व उसके दो साथी अपने यहां हुई चोरी की घटना के बारे में पूछताछ के लिए बुलाकर ले गए थे। अपने घर ले जाने के बाद तीनों आरोपियों ने दोनों युवकों को बंधक बनाते हुए मारपीट की। आरोप है कि युवकों ने जब चोरी की घटना को स्वीकार नहीं किया तो मोहरपाल, विशाल व उत्तम ने युवकों के गुप्तांग में मिर्च पावडर लगाकर प्रताड़ित किया। आरोपियों ने घटना की वीडियो बनाते हुए उसे वायरल कर दिया। संजय की शिकायत पर मोहरपाल पुत्र प्रेमराज व विशाल पुत्र पदम सिंह व उत्तम कुमार पुत्र राजकुमार को गिरफ्तार जेल भेज दिया है।
वायरल वीडियो और घटना का संज्ञान लेते हुए डीसीपी ग्रेटर नोएडा सांद मियां खान ने पूरे प्रकरण की जांच एडीसीपी अशोक कुमार से कराने के आदेश दिए हैं।