
Greater Noida News: 10 प्रतिशत आबादी प्लाट दिए जाने समेत अन्य कई मांगों को लेकर ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण कार्यालय पर महापड़ाव डाले किसानों का आंदोलन आज चौथे दिन भी जारी रहा। किसानों के इस आंदोलन को सीटू ने खुला समर्थन दिया है।
आपको बता दें कि प्राधिकरण और किसानों के बीच समझौते के अनुसार वंचित किसानों के 10% आबादी प्लॉट तुरंत दिया जाए, सर्किल रेट का 4 गुना मुआवजा 24,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर घोषित किया जाए, आबादी के मामलों का निस्तारण करते हुए बैक लीज कराई जाए, आवासीय योजनाओं में किसानों का दोनों तरह का कोटा बहाल किया जाए, रोजगार नीति लागू करने स्थानीय युवाओं को कंपनियों में रोजगार तय किए जाएं, किसानों और उनके परिवार को निशुल्क शिक्षा एवं चिकित्सा की सुविधा नीति लागू की जाए, भूमिहीन परिवारों को 40 वर्ग मीटर आबादी के प्लॉट दिए जाएं आदि मांगों को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर 25 अप्रैल 2023 से रात दिन आंदोलन चल रहा है। आज महापड़ाव को मजदूर संगठन सीटू की ओर से गंगेश्वर दत्त शर्मा ने समर्थन किया।
धरने को संबोधित करते हुए गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार मजदूर किसान की समस्याओं के समाधान करने में रुचि नहीं ले रही है, इसी के चलते प्राधिकरणों के अधिकारी नियम कानूनों संवैधानिक व्यवस्थाओं की धज्जियां उड़ा कर तानाशाही व मनमाने तरीके से किसानों व कामगारों का उत्पीड़न कर रहे हैं। यहां तक कि जिन मुद्दों पर लिखित समितियां बन चुकी है उसे भी लागू नहीं किया जा रहा है तथा विरोध की आवाज को दबाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वेंडर्स के शांतिपूर्ण तरीके से चल रहे आंदोलन को हटवाने का प्रयास इसका ताजा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हक के लिए उठ रही आवाजों को दमन के आधार पर दबाया नहीं जा सकता। हम एकजुट होकर लड़ेंगे और जीतेंगे और अपना हक लेकर ही रहेंगे।
कार्यक्रम में किसान सभा के कार्यकर्ता गायक रतन गंभीर ने क्रांतिकारी गीत प्रस्तुत किए। किसानों के महापड़ाव में सीटू नेता राम स्वारथ के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। किसान महापड़ाव को किसान सभा केंद्रीय कमेटी सदस्य कामरेड पुष्पेंद्र त्यागी, किसान सभा के जिला संयोजक वीर सिंह नेताजी, जिला प्रवक्ता डॉ. रुपेश वर्मा, जगबीर नंबरदार सहित कई वरिष्ठ किसान नेताओं ने संबोधित किया किसान महापड़ाव में ग्रामीण महिलाएं भी बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रही हैं।