Greater Noida News: नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में इलेक्ट्रिक सिटी बसें चलाई जा रही हैं। इन बसों का उद्देश्य लोगों को बेहतर, सस्ता और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है। अब रूट में बदलाव और नए रूट जोड़ने से ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसका फायदा मिलने की उम्मीद है।

ग्रेटर नोएडा में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। शहर में अब दो नए रूटों पर सिटी बस सेवा शुरू करने की तैयारी है। इससे दादरी, सूरजपुर, कासना, भंगेल, छलेरा और बॉटनिकल गार्डन जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने यात्रियों की जरूरत को देखते हुए नए रूट तय किए हैं और जल्द ही इन पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। वर्तमान समय में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में इलेक्ट्रिक सिटी बसें चलाई जा रही हैं। इन बसों का उद्देश्य लोगों को बेहतर, सस्ता और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है। अब रूट में बदलाव और नए रूट जोड़ने से ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसका फायदा मिलने की उम्मीद है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने यात्रियों की सुविधा के लिए दो नए रूट तैयार किए हैं। इनमें पहला रूट दादरी से सूरजपुर होते हुए कासना तक होगा। वहीं दूसरा रूट दादरी से भंगेल-छलेरा होते हुए बॉटनिकल गार्डन तक जाएगा। इन दोनों रूटों पर जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इससे दादरी और ग्रेटर नोएडा के बीच सफर करने वाले यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा। खासतौर पर नौकरी, पढ़ाई और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह सुविधा काफी उपयोगी साबित हो सकती है।
यात्रियों को बस पहचानने में होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए अब सभी सिटी बसों पर रूट नंबर डिस्प्ले किए जाएंगे। इससे यात्रियों को यह समझने में आसानी होगी कि कौन सी बस किस रास्ते पर जा रही है। प्राधिकरण की योजना है कि बस रूट की जानकारी ज्यादा स्पष्ट हो ताकि लोग बिना किसी परेशानी के अपनी मंजिल तक पहुंच सकें। इससे सिटी बस सेवा को लोगों के बीच और लोकप्रिय बनाने में मदद मिलेगी।
ग्रेटर नोएडा में चल रही सिटी बस सेवाओं में यात्रियों की संख्या का आकलन किया जा रहा है। जिन रूटों पर यात्रियों की संख्या कम है वहां बदलाव करने की तैयारी है। वहीं जिन रूटों पर यात्रियों की संख्या ज्यादा मिल रही है वहां बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों की जरूरत के हिसाब से नए रूट भी तैयार किए जाएंगे ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकें।
दादरी से बॉटनिकल गार्डन जाने वाले पुराने रूट पर भी बसों की संख्या बढ़ाने की तैयारी है। खासतौर पर सुबह और शाम के समय यात्रियों की सुविधा को देखते हुए ज्यादा फेरे चलाए जाएंगे। इसके अलावा दादरी से सूरजपुर-कासना रूट पर भी जल्द बस सेवा शुरू होगी। इससे ग्रेटर नोएडा के कई महत्वपूर्ण इलाकों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट रूट पर फिलहाल यात्रियों की संख्या उम्मीद के मुताबिक नहीं मिल रही है। इसी वजह से इस रूट पर चलने वाली बसों के फेरे कम करने की योजना बनाई जा रही है। हालांकि, भविष्य में जैसे-जैसे एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों में गतिविधियां बढ़ेंगी और यात्रियों की संख्या बढ़ेगी वैसे ही इस रूट पर दोबारा बसों के फेरे बढ़ाए जा सकते हैं।
ग्रेटर नोएडा में वर्तमान में 25 इलेक्ट्रिक बसें चार रूटों पर संचालित हो रही हैं। पिछले 40 दिनों के आंकड़ों के अनुसार, इन बसों में रोजाना औसतन 331 यात्रियों ने सफर किया। यानी प्रति बस करीब 13 यात्री ही मिले। वहीं नोएडा में चल रही 50 इलेक्ट्रिक बसों में रोजाना औसतन 1004 यात्रियों ने सफर किया। यहां प्रति बस करीब 20 यात्री मिले। दूसरी ओर यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में यात्रियों की संख्या बेहतर रही, जहां 25 बसों में रोजाना औसतन 758 यात्रियों ने सफर किया और प्रति बस करीब 30 यात्री मिले।
ग्रेटर नोएडा के कासना डिपो में सात इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन लगभग तैयार हो चुके हैं। इनका जल्द ही ट्रायल शुरू किया जाएगा। इन सात चार्जिंग स्टेशन पर एक साथ 14 इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज किया जा सकेगा। चार्जिंग सुविधा बढ़ने के बाद बसों के संचालन में भी तेजी आएगी और ज्यादा फेरे लगाए जा सकेंगे। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा ईस्ट में तीन और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पांच नए चार्जिंग स्टेशन बनाने की योजना है।
प्राधिकरण की योजना शहर में इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग नेटवर्क को मजबूत करने की है। इसके तहत आने वाले समय में कुल 30 चार्जिंग स्टेशन तैयार किए जाएंगे। इन सभी स्टेशन के शुरू होने के बाद एक साथ करीब 60 इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज किया जा सकेगा। इससे शहर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और मजबूत होगी तथा लोगों को ज्यादा बेहतर सुविधा मिल पाएगी।
विज्ञापन