
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा के नजदीक बसे जेवर में गांव गोपालगढ़ के समीप जेवर बांगर में 33 हजार केवी की विद्युत लाइन के तारों के नीचे कालोनाइजरों ने अवैध कालोनी काटकर प्रशासन को खुली चुनौती दी है।
आपको बता दें कि जेवर से टप्पल रोड़ पर पुराने पेट्रोल पंप से चंद कदम की दूरी पर 33 हजार केवी विद्युत लाइन जा रही है। जहां कॉलोनाइजरों ने करीब तीन बीघा भूमि किसान से खरीदकर जेवर टप्पल रोड़ से सटी भूमि पर अवैध कालोनी काटकर प्रशासन को खुली चुनौती दी है। बताया जाता है कि जेवर में बनने जा रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट व फिल्म सिटी को लेकर जेवर में जमीनों के दाम आसमान छू रहे हैं।
जेवर एयरपोर्ट के निर्माण से क्षेत्र के विकास होने का पूरा फायदा कॉलोनाइजर उठा रहे हैं। कॉलोनाइजरों ने जेवर, जहांगीरपुर, रबूपुरा क्षेत्र में अवैध कालोनी काटकर उनको बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहे हैं, मगर प्रशासन इससे अनभिज्ञ बना हुआ है। कॉलोनाइजरों ने 33 हजार केवी विद्युत लाइन के तारों के नीचे कालोनी काटकर प्रशासन को सकते में डाल दिया है। सूत्रों की माने तो प्रशासन कॉलोनाइजरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के बजाय उनसे मोटी रकम वसूल कर रहा है। लोगों ने अवैध रूप से काट रहे कॉलोनाइजरों की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है।
इस मामले में जेवर के एसडीएम (उपजिलाधिकारी) जेवर अभय कुमार सिंह का कहना है कि उक्त मामला उनके संज्ञान में नहीं है। मामले की जांच जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।