
Greater Noida News : पति-पत्नी के झगडे किस हद तक घातक हो सकते हैं इसकी एक बानगी ग्रेटर नोएडा में देखने को मिली। पति से झगडे के बाद पत्नी ने आत्महत्या जैसा खतरनाक कदम उठाना चाहा, लेकिन पुलिस के तत्परता से उसकी जान बच गई। नोएडा पुलिस ने देवदूत की भूमिका अदा करते हुए महिला को नई जिंदगी देने का काम किया है। साथ ही पुलिस ने महिला के पति को भी नसीहत दी है।
ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक 3 के चौकी डी पार्क प्रभारी उपनिरीक्षक अभिनेंद्र राजपूत को सूचना मिली कि एक महिला आत्महत्या करने जा रही है। सूचना पर पुलिस तुरंत हरकत में आई और महिला को ढूंढ निकाला तथा उसे पुलिस चौकी लेकर आई। प्रभारी उप निरीक्षक ने बताया कि महिला का अपने पति से झगड़ा हो गया था। झगड़े से नाराज महिला गुस्से में घर से निकली और आत्महत्या करने जा रही थी, जिसकी सूचना उन्हें मिली।
आत्महत्या करने जा रही महिला को पुलिस ने समझा बुझाकर यह घातक कदम उठाने से रोका और चौकी लेकर आई। पुलिस ने चौकी पर महिला के पति को भी बुलाया। महिला और उसके पति की काउंसलिंग की गई और समझा बुझाकर महिला को परिजनों के साथ उसके घर भेज दिया। परिजनों ने भी पुलिस की तत्परता की तारीफ की और आभार व्यक्त किया। Greater Noida