
Greater Noida (चेतना मंच)। खेत की जुताई को लेकर अमरपुर गांव में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान खूब लाठी-डंडे चले। थाना ईकोटेक-1 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी सरिता मलिक ने बताया कि सोमवार को अमरपुर गांव में दो पक्षों के बीच झगड़ा व मारपीट होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को दो पक्ष आपस में झगड़ा करते हुए मिले। पुलिस मौके से अमरपुर गांव निवासी मोहित, शरदा तथा मुंहफाड़ गांव निवासी सोनू व जितेंद्र को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
पूछताछ में पता चला कि अमरपुर गांव में खेती की जमीन पर सोनू पक्ष पिछले कई दशकों से खेती करता आ रहा था। पिछले कुछ सालों से मोहित पक्ष इस जमीन पर खेती करने लगा था। सोमवार को मोहित और उसके परिजन खेत की जुताई कर रहे थे। इस दौरान दूसरे पक्ष के सोनू, जितेंद्र आदि भी मौके पर पहुंच गए।
खेत की जमीन पर मालिकाना हक को लेकर दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई जो बाद में मारपीट में तब्दील हो गई। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले।
थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों से शरदा, मोहित, सोनू और जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करेगा न्यायालय में पेश किया गया है।