
Greater Noida (चेतना मंच)। कबाड़ी से फोन पर एक लाख रूपये की मांग करने वाले सिपाही के खिलाफ थाना बीटा-2 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी सिपाही और पीड़ित व्यक्ति का ऑडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
वरिष्ठ उप निरीक्षक चंद्र प्रकाश शर्मा ने थाना बीटा-2 में आरक्षी अंकित बालियान के खिलाफ धारा 13 (1) क भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी सिपाही वर्तमान में थाना रबूपुरा में तैनात है। हाल ही में वायरल ऑडियो के बाद मुख्यमंत्री को लिखे गए पत्र के आधार पर आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अंकित बालियान ने बुलंदशहर के कबाड्डी वसीम को मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए एक लाख रुपए की मांग की थी। पैसे न देने पर अंकित बालियान ने कबड्डी को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी थी।
इस मामले का ऑडियो रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल ऑडियो में सिपाही अंकित बालियान वसीम कबाड़ी को कॉल कर उसे पर एक लाख रूपये देने का दवाब बना रहा था।
पीडि़त वसीम ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में आरोप लगाए थे कि अंकित बालियान उसे प्रत्येक माह 25 हजार रूपये लेता है और एक लाख रूपये की मांग कर रहा है। पैसे न देने पर अंकित बालियान उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहा है। मामला पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के संज्ञान में आने पर उन्होंने कड़ा एक्शन लेते हुए आरोपी सिपाही के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
सोशल मीडिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना रबूपुरा में तैनात आरक्षी अंकित बालियान को डीसीपी ग्रेटर नोएडा महोदय की रिपोर्ट पर पुलिस सेवा से बर्खास्त किया गया है एवं संबंधित विवेचक उ.नि. विमलेश थाना रबूपुरा को निलंबित किया गया है एवं प्रभारी निरीक्षक रबूपुरा के विरुद्ध सम्पूर्ण प्रकरण की प्रारम्भिक जांच करायी जा रही है। Greater Noida