
Greater Noida (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अधिसूचित जमीन पर बड़े पैमाने पर अवैध रूप से बहुमंजिला भवनों का निर्माण कर लिया गया है। भूमाफियाओं ने ग्रेटर नोएडा के बिसरख जलालपुर में प्राधिकरण द्वारा अधिसूचित की गई जमीन बेच दी है जिस पर बहुमंजिला भवन बनकर खड़े हैं। अब बहुमंजिला भवन बनाने वालों की शामत आ गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा थाना बिसरख में अवैध निर्माण करने के आरोप में 35 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। नामजद आरोपियों में कई महिलाएं भी शामिल हैं।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्कल-3 के सहायक प्रबंधक गौरव ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि ग्राम बिसरख जलालपुर स्थित खसरा संख्या 814 मि. पर अवैध रूप से बहुमंजिला भवनों का निर्माण कार्य किया जा रहा है। प्राधिकरण अधिकारी द्वारा कई बार इस अवैध निर्माण को रोकने का प्रयास किया गया। लेकिन मौका मिलते ही भूमाफियाओं द्वारा यहां लगातार अवैध रूप से निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने इस मामले में नरेंद्र सैनी, वीरपाल भाटी, राजेंद्र कुमार, अजय गोयल, हातिम सिंह, शाहनवाज, श्रीमती अमृता भाटी, श्रीमती अनीता देवी, श्रीमती विमला, हरीश शर्मा, सतीश रस्तोगी, हेम सिंह कटारिया, लीलेराम, श्रीमती सीमा गर्ग, इंद्रजीत रस्तोगी, श्रीमती संतोष रस्तोगी, सुनील ढींगरा, सरला ढींगरा, सारिका नागर, गीता, महेश कुमार, गोनूराम, रविंद्र कुमार, सैयद रफीक हुसैन रिजवी, संजय भाटी, विजय कुमार, सुव्हान अहमद, हिमांशु आहूजा, विजय आहुजा, नीलम आहूजा, वसीम अहमद, रियाजुद्दीन, शमीम, गोनूराम, विपिन चौधरी, श्रीमती सरिता बैसला, विवेक गुप्ता व विनेश के खिलाफ सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा की गई इस कार्रवाई से अवैध अतिक्रमण कार्यों में हडक़ंप मचा हुआ है। नामजद आरोपी अपनी गर्दन बचाने के लिए अपने आकाओं की शरण में पहुंच रहे हैं ।
बता दें कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर प्राधिकरण की अधिसूचित व अधिग्रहित जमीन पर अवैध कब्जा कर बहुमत जिले भवन बनाने का गोरख धंधा फल फूल रहा है।