
Greater Noida : (चेतना मंच)। बिजली विभाग के पूर्व संविदा कर्मियों ने एक किसान को झांसे में लेकर सवा लाख रुपए का चूना लगा दिया। आरोपियों ने किसान के खेत में लगी ट्यूबवेल के लिए बिजली ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर 1 लाख 20 हजार रूपए हड़प लिए। पीडि़त ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना जारचा में मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्राम मुटयानी निवासी धर्मपाल सिंह ने बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से अपने खेत में ट्यूबवेल के लिए विद्युत कनेक्शन लेने व ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए विद्युत उपकेंद्र के चक्कर लगा रहा था। इस दौरान उन्हें ढोकलपुर गांव निवासी बबलू व राजू मिले। दोनों पूर्व में बिजली विभाग में संविदा पर कार्यरत थे। दोनों ने धर्मपाल को आश्वासन दिया कि उनके खेत में ट्रांसफार्मर लग जाएगा। इसके लिए उन्हें कुछ पैसे खर्च करने होंगे।
धर्मपाल के मुताबिक दोनों आरोपियों ने उससे कनेक्शन के नाम पर एक लाख 20 हजार रूपए ले लिए। पैसे लाने के काफी समय बाद भी जब ट्रांसफार्मर नहीं लगा तो उन्होंने आरोपियों से अपने पैसे वापस मांगे, लेकिन उन्होंने देने से इंकार कर दिया।
थाना प्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि पीडि़त किसान की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।