
Greater Noida (चेतना मंच)। दादरी स्थित नवीन अस्पताल के बाहर शराब के नशे में धुत्त एक दबंग ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग कर सनसनी फैला दी। फायरिंग करने के बाद आरोपी फरार हो गया जिसे पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के शस्त्र लाइसेंस को निरस्त कराने की प्रक्रिया को अमल में ला रही है।
एडीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि बीती शाम पुलिस को सूचना मिली कि किसी व्यक्ति ने नवीन अस्पताल के बाहर फायरिंग की है। मौके पर पहुंची पुलिस को जांच पड़ताल के दौरान पता चला कि घोड़ी बछेड़ा गांव निवासी नवीन पुत्र रतन सिंह अपने किसी परिचित को देखने नवीन अस्पताल आया था। महेश को देखने के बाद नवीन अस्पताल से बाहर आया और उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायर कर दिया। फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर हडक़ंप मच गया। फायरिंग करने के बाद नवीन अपनी स्कॉर्पियो कार में बैठकर मौके से फरार हो गया।
एडीसीपी ने बताया कि देर रात आरोपी नवीन को गिरफ्तार कर लाइसेंसी पिस्टल को जब्त कर लिया गया है। पुलिस उसके लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई कर रही है। Greater Noida
थाना बादलपुर में एक व्यक्ति ने महिला सहित पांच लोगों के खिलाफ घर में घुसकर गाली गलौज व मारपीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। ग्राम धूममानिकपुर निवासी जगपाल भाटी ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह 30 जुलाई को अपनी दुकान बंद कर घर आया था। वह अपनी पत्नी के साथ घर के बाहर बैठा हुआ था। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले फिरे भाटी, निशू भाटी, दीपक भाटी, मनीष भाटी व सुनीता जबरन उनके घर में घुस आए और गाली गलौज करने लगे।
इस बात का जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। शोर-शराबा सुनकर आस-पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। Greater Noida