Hindi Crime News: यहां एक साथ पढ़ें ग्रेटर नोएडा की खबरें
भारत
चेतना मंच
24 Oct 2025 03:23 PM
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं जिससे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। हाल ही में जन्मदिन की पार्टी के दौरान हुए हमले में एक युवक की मौत, सोसायटी में पार्किंग विवाद पर फायरिंग और पुलिस एनकाउंटर की बढ़ती घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इन घटनाओं के मद्देनजर, हम आपके लिए इन प्रमुख अपराधों की विस्तृत जानकारी लेकर आए हैं। Greater Noida News
जन्मदिन की पार्टी में हुई मारपीट में घायल युवक की मौत
रबूपुरा थाना क्षेत्र के सैय्यद का तालाब क्षेत्र में 15 अक्टूबर को जन्मदिन की पार्टी मना रहे अनुसूचित जाति के दो युवकों पर हुए जानलेवा हमले के बाद, घायल युवक अनिकेत की 9 दिन बाद उपचार के दौरान मौत हो गई है। इस घटना से आक्रोशित अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर महाराणा प्रताप चौक के पास सड़क पर जाम लगा दिया। मौके पर रबूपुरा कोतवाली प्रभारी सुजीत कुमार उपाध्याय, थाना इकोटेक-1 कोतवाली प्रभारी अरविंद वर्मा, दनकौर प्रभारी मुनेन्द्र सिंह, जेवर प्रभारी संजय सिंह भी पहुंचे।
आपको बता दें कि, बर्थडे पार्टी के दौरान 15 अक्तूबर को हुई मारपीट में घायल हुआ रबूपुरा के आंबेडकर नगर मोहल्ला निवासी (17 वर्षीय) अनिकेत ने शुक्रवार तड़के उपचार के दौरान नई दिल्ली स्थित लोकनायक अस्पताल में दम तोड़ दिया। मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने रबूपुरा में प्रदर्शन किया। वहीं मृतक के घर पर सांत्वना देने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से रबूपुरा, इकोटेक और जेवर थाने की पुलिस मौके पर तैनात है। इस मामले में सात लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने पूर्व में कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। थाना रबूपुरा प्रभारी सुजीत उपाध्याय का कहना है कि अनिकेत की मौत के बाद मामले को हत्या की धाराओं में तरमीम किया गया है। इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस की कई टीमें नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं।
चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार
थाना बिसरख पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो तमंचे, चोरी की स्कूटी व दो बाइक बरामद हुई हैं। पकड़े गए वाहन चोर चोरी के वाहनों को बेचने के फिराक में थे, लेकिन पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पकड़े गए दोनों वाहन चोर चोरी किए गए वाहनों के पार्ट्स को अलग-अलग कर बेचते थे। थाना बिसरख क्षेत्र के शाहबेरी चौकी प्रभारी उप निरीक्षक हत्येंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि दो बदमाश एक गाड़ी में एक्टिवा अपाचे व पैशन प्रो बाइक को रखकर खंडहर पड़ी बिल्डिंग के पास गए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची।
इस दौरान पुलिस को बाइक पर दो लोग आते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम ने अपाचे बाइक पर सवार दोनों युवकों को जांच के लिए रुकवा लिया। पुलिस के मांगने पर दोनों बाइक के कागजात नहीं दिखा पाए। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने अपने नाम वसीम पुत्र मकसूद व फरहान उर्फ साहब पुत्र अखलाक बताते हुए स्वीकार किया कि वह चोरी के वाहनों को बंद पड़ी बिल्डिंग की आड़ में छुपाने आए थे। संदेह के आधार पर ली गई तलाशी में उनके पास से दो तमंचे व कारतूस बरामद हुए। दोनों वाहन चोरों ने बताया कि वह चोरी के वाहनों को खंडहर पड़ी बिल्डिंगों में छुपाकर रखते हैं। इसके बाद उनके इंजन नंबर को घिसकर मिटा देते हैं और इन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर इन्हें चलाते हैं। कुछ वाहनों के पार्ट्स को खोलकर वह अलग-अलग कर उन्हें बेच देते हैं। बरामद वाहनों को वह कबाड़ में बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने चोरी के वाहनों को जप्त कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।
थैले में भरा था गांजा, पुलिस ने दबोचा
थाना दादरी पुलिस ने मादक पदार्थ विक्रेता को गिरफ्तार किया है। इसके पास से गांजा बरामद हुआ है। थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान पुलिस को रेलवे रोड की तरफ से एक व्यक्ति थैला लेकर आते हुए दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी को देखकर वह सकपका कर पीछे मुडक़र वापस जाने लगा। संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने उसे घेर कर रोक लिया और भागने का कारण पूछा। उक्त व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसके थैले में गांजा रखा हुआ है इस कारण यह वह पुलिस को देखकर भाग रहा था। तलाशी में इसके पास से 1 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम सुनील पुत्र शिव कुमार निवासी दौलत राम मार्केट कस्बा दादरी बताया। सुनील ने बताया कि वह गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर उन्हें नशे के आदि लोगों को बेचता है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
न्यूज चैनल के एडिटर का मोबाइल चोरी
नोएडा स्टेडियम में एक न्यूज़ चैनल द्वारा आयोजित क्रिकेट मैच में चैनल के मैनेजिंग एडिटर का मोबाइल फोन चोरी हो गया। मैनेजिंग एडिटर ने थाना सेक्टर-24 में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। एक न्यूज चैनल में मैनेजिंग एडिटर के पद पर कार्यरत राहुल सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनके चैनल द्वारा 18 अक्टूबर को नोएडा स्टेडियम में क्रिकेट मैच का आयोजन कराया गया था। क्रिकेट मैच के दौरान उनके पॉकेट में रखा उनका आईफोन चोरी हो गया। इस बात की जानकारी मिलने पर उन्होंने अपने मोबाइल फोन की तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चला। थाना प्रभारी ने बताया कि मैनेजिंग एडिटर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और फोन तथा चोर की तलाश की जा रही है।
पति ने किया प्रताड़ित तो पत्नी ने लगा ली फांसी
थाना जेवर में आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोप है कि पति की प्रताडऩा से त्रस्त होकर महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। थाना जेवर प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि ग्राम सलेमपुर जनपद बुलंदशहर निवासी सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि, उन्होंने अपनी बेटी रूबी की शादी 28 फरवरी 2017 को ग्राम कानीगढ़ी निवासी कृष्ण पुत्र शिवराम के साथ की थी।
शादी के कुछ समय बाद ही उसकी बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा। 21 अक्टूबर की शाम को उनकी बेटी रूबी ने अपनी मां को फोन कर बताया कि कृष्ण ने उसके साथ काफी मारपीट की है। फोन पर उनकी बेटी काफी परेशान लग रही थी। 22 अक्टूबर की सुबह उनके पास फोन आया कि रूबी ने फांसी लगा ली है और उसे जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जब वह जेवर स्थित अस्पताल में पहुंचे तो पता चला कि उनकी बेटी की मौत हो चुकी है। उनके सामने ही पुलिस द्वारा शव का पंचनामा किया गया। सिद्धार्थ सिंह के मुताबिक, कृष्ण की प्रताड़ना की वजह से उनकी बेटी रूबी ने आत्महत्या की है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने कृष्ण के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गाड़ी रुकवाकर की मारपीट
ग्रेटर नोएडा में ऑफिस से वापस अपने घर लौट रहे एक व्यक्ति के साथ तीन लोगों ने उसकी गाड़ी रुकवाकर गाली-गलौज व मारपीट की। मारपीट में युवक को चोटें आई हैं। पीडि़त ने थाना जेवर में मुकदमा दर्ज कराया है। ग्राम धनसिया निवासी ललित कुमार ने बताया कि 19 अक्टूबर की रात्रि को वह अपने ऑफिस से घर जा रहा था। रास्ते में घंसिया रोड पर दस्तानपुर गांव के गौरव विक्रम व बबलू ने उसकी गाड़ी रूकवा ली। गाड़ी रुकते ही इन लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। उसने जब इस बात का विरोध किया तो तीनों आरोपियों ने उसे गाड़ी से नीचे खींच लिया और मारपीट की। शोर शराबा सुनकर आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को देखकर तीनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक मारपीट में उसे काफी चोट आई है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
सीआरपीएफ के हवलदार की सड़क हादसे में मौत
यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए सडक़ हादसे में सीआरपीएफ के हवलदार की मौत हो गई। हादसे में सीआरपीएफ के जवान के रिश्तेदार भी घायल हुए हैं। वहीं थाना दनकौर क्षेत्र में जेपी इंफ्राटेक कंपनी के सुपरवाइजर की हाइड्रा की चपेट में आने से मौत हो गई। बाबा बकाला अमृतसर पंजाब निवासी कंचन किशोर दुबे अपने परिवार के साथ अपनी एक्सेंट गाड़ी से पंजाब से झारखंड के लिए जा रहे थे। कार में उनकी पत्नी रूपलता, बेटा मानस दुबे (8 वर्ष) तथा उनके मामा वीरेंद्र कुमार शुक्ला सवार थे। यमुना एक्सप्रेस-वे के 33.550 माइलस्टोन के पास उनके आगे जा रहे अज्ञात वाहन ने अचानक कट मारते हुए ब्रेक लगा दिए। इस वजह से उनकी गाड़ी अन्य वाहन से टकरा गई। हादसे में कार सवार सभी लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद आगे जा रहा वाहन का चालक अपने वाहन को मौके से लेकर भाग गया। हादसे की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची थाना जेवर पुलिस ने घायलों को जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान वीरेंद्र कुमार शुक्ला की मौत हो गई। जबकि कंचन किशोर दुबे, रूपलता दुबे व मानस दुबे का इलाज चल रहा है। हादसे में जान गंवाने वाले वीरेंद्र कुमार शुक्ला वर्तमान में सीआरपीएफ में हवलदार थे। वह सीआरपीएफ की 79 बटालियन में थे और उनके ड्यूटी जम्मू कश्मीर में लगी हुई थी। हादसे के वक्त वह झारखंड स्थित अपने पैतृक गांव जा रहे थे। कंचन किशोर दुबे की शिकायत पर थाना जेवर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
वहीं थाना दनकौर क्षेत्र के चपरगढ़ के पास तेज गति में आ रही हाईड्रा क्रेन ने जेपी इंफ्राटेक कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत सुधीर कुमार सिंह को कुचल दिया। गंभीर हालत में टोल स्टाफ के सुपरवाइजर मानवेंद्र सिंह ने उन्हें एंबुलेंस से उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पीड़ित के भाई सुशील कुमार सिंह ने हाइड्रा चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना कर मृत्यु करने का आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। मृतक सुधीर कुमार सिंह मूल रूप से जनपद बलिया का रहने वाला था और वर्तमान में जेपी इंफ्राटेक कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर काम कर रहा था। 22 अक्टूबर की शाम को वह कंपनी से वापस अपने घर लौट रहा था। वहीं थाना बादलपुर क्षेत्र के डेरी मच्छा गांव में नर्सिंग होम के सामने सड़क पार करते समय तेज गति में आ रहे अपाचे बाइक सवार दो युवकों ने 55 वर्षीय मदनपाल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मदनपाल को गंभीर चोटें आई। इलाज के लिए उन्हें सेक्टर-110 स्थिति यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों ने उन्हें वेंटिलेटर पर रखा हुआ है। पुलिस का कहना है कि पीड़ितों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी चालकों की तलाश की जा रही है। Greater Noida News