Greater Noida Crime News : पैरामाउंट सोसायटी में हुई चोरी का खुलासा दो गिरफ्तार, लाखों रूपये के जेवरात बरामद
Greater Noida Crime News: Two arrested for theft in Paramount Society, jewelry worth lakhs recovered
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 02:53 AM
Greater Noida Crime News : थाना सूरजपुर पुलिस ने 2 शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब एक माह पूर्व पैरामाउंट सोसायटी से चोरी किए गए लाखों रुपए के जेवरात बरामद हुए हैं। पकड़े गए दोनों आरोपी पेंटर का काम करते हैं और इन्होंने फ्लैट की पुताई के दौरान तिजोरी पर हाथ साफ कर दिया था।
थाना प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर तिलपता गांव के पास से प्रमोद व सौरव को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से चोरी के सोने के दो कंगन, मंगलसूत्र, चेन, झुमके आदि बरामद हुए हैं। पकड़े गए दोनों आरोपी रंगाई पुताई का काम करते हैं। करीब एक माह पूर्व पैरामाउंट सोसायटी निवासी विशाल पांडे ने दोनों को अपने फ्लैट में वाइटवॉश करने के लिए बुलाया था। विशाल पांडे और उनकी पत्नी दोनों नौकरी करते हैं इसलिए वह इन्हें घर की चाबी देकर चले जाते थे। एक दिन मौका पाकर दोनों ने तिजोरी खोलकर उसमें रखे जेवरात चोरी कर लिए। करीब एक माह बाद घर की तिजोरी का लॉकर खोलने पर विशाल पांडे को अपने घर में हुई चोरी का पता चला जिसके बाद उन्होंने 2 दिन पूर्व अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच पड़ताल व विवेचना के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घर से चोरी की गई लाखों रुपए की जूलरी बरामद कर ली गई है।