घटना के बाद गुस्साए बिजली कर्मचारियों और परिजनों ने नेशनल हाईवे-91 पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मृतक के परिवार के लिए सरकारी नौकरी व उचित मुआवजे की मांग उठाई।

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र से एक बेहद दुखद और गंभीर मामला सामने आया है, जहां शटडाउन लेने के बावजूद लाइन में करंट दौड़ने से एक लाइनमैन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप लगे हैं। घटना के बाद गुस्साए बिजली कर्मचारियों और परिजनों ने नेशनल हाईवे-91 पर शव रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मृतक के परिवार के लिए सरकारी नौकरी व उचित मुआवजे की मांग उठाई।
जानकारी के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा (दादरी) में बिजली लाइन पर काम के लिए नियमों के अनुसार शटडाउन लिया गया था। इसी दौरान लाइनमैन रवि करंट की चपेट में आ गए। साथियों का आरोप है कि शटडाउन के बाद भी लाइन में बिजली कैसे आ गई—यह सीधे तौर पर सिस्टम और निगरानी पर सवाल खड़े करता है। करंट लगते ही रवि की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही ग्रेटर नोएडा के बादलपुर क्षेत्र में बिजली सब-स्टेशन के सामने कर्मचारियों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर नेशनल हाईवे-91 को जाम कर दिया और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है पहले भी ऐसे हादसों में कर्मचारियों की जान जा चुकी है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था और जवाबदेही में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों और परिजनों की प्रमुख मांग है कि मृतक के परिवार को सरकारी नौकरी और उचित मुआवजा दिया जाए। हाईवे जाम की वजह से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स और विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति संभालने और परिजनों को समझाने की कोशिश की, साथ ही मामले की जांच का भरोसा भी दिया जा रहा है। Greater Noida News