Greater Noida : भाई, भाभी पर चाकू से किया जानलेवा हमला
Greater Noida
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 05:27 AM
Greater Noida : शराब के नशे में धुत एक युवक ने मामूली विवाद में अपने बड़े भाई, भाभी व अन्य रिश्तेदारों पर चाकू से जानलेवा हमला कर उन्हें घायल कर दिया। देर रात हुई चाकूबाजी की इस घटना से कासना कस्बे में हड़कंप मच गया।
Greater Noida
थाना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि बीती रात्रि कस्बे में स्थित पुरानी मस्जिद के पास कई लोगों को चाकू मारने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के अस्पताल पहुंचाया और आरोपी बादशाह उर्फ विमल को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि बादशाह उर्फ विमल बीती रात्रि शराब पीकर आया था। किसी बात को लेकर उसका अपने भाई पप्पू से वाद विवाद हो गया।
वाद विवाद के दौरान बादशाह ने पप्पू पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। पप्पू को लहूलुहान देखकर उसका साला अरविंद, पत्नी सोनिया व सास त्रिवेणी उसे बचाने आए। बादशाह ने इन लोगों पर भी चाकू से वार कर उन्हें घायल कर दिया। चीख पुकार सुनकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
घटना को अंजाम देकर भागने का प्रयास कर रहे बादशाह को पुलिस ने लोगों की मदद से दबोच लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।