विज्ञापन

Greater Noida (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर जू 2 में चार बदमाशों ने एक युवक पर हॉकी व रॉड से प्रहार कर उसे लहूलुहान कर दिया। बदमाशों ने युवक से 6 हजार रूपये भी लूट लिए। मारपीट के बाद आरोपी शिकायत दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित ने थाना दादरी में चारों बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर जू 2 कांशीराम कॉलोनी निवासी सारिम ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 10 सितंबर की रात को वह अपने भाई समीर के पास से किस्त के 6 हजार रुपये लेकर आ रहा था। इस दौरान रास्ते में उसे सकरू, सलमान, आमिर व सचिन ने रोक लिया और गाली गलौज शुरू कर दी। उसने जब गाली देने का विरोध किया तो आरोपियों ने हॉकी व स्टील की रॉड से उसके ऊपर हमला कर दिया। चारों आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने उसकी जेब में रखे किस्त के 6 हजार रुपये भी निकाल लिए।
सलीम के मुताबिक उसे लहूलुहान करने के बाद आरोपी पुलिस में इस मामले की शिकायत दर्ज कराने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित का कहना है कि चारों युवक अपराधिक प्रवृत्ति के हैं। थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश की जा रही है।
इसके अलावा चिटहेरा निवासी महिला केला ने पड़ोस में रहने वाले अंतराम पुत्र भीम के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का आरोप है कि अंतराम ने उसके साथ बेवजह गाली गलौज की। उसने जब इस बात का विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। महिला की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। Greater Noida News
विज्ञापन