
Greater Noida (चेतना मंच)। जेवर में निर्माणाधीन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलने की मांग उठी है। सामाजिक संगठन जन आंदोलन ने यह मांग देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से की है।
जन आंदोलन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट ओमवीर सिंह आर्य ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा को सौंपा। ज्ञापन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कहा गया है कि जेवर में निर्माणाधीन नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश का विशालतम एयरपोर्ट होगा इसका निर्माण होना गौतमबुद्धनगर के निवासियों के लिए गर्व की बात है। एयरपोर्ट के निर्माण से भारतीय अर्थव्यवस्था में जहां मजबूती आएगी, वहीं क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
उन्होंने मांग की कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम भारतीय स्वाधीनता के अग्रदूत, स्वदेशी व स्वराज के प्रथम आग्रहकर्ता व आर्य समाज के संस्थापक महर्षि दयानंद सरस्वती के नाम पर होना चाहिए। महर्षि दयानंद सरस्वती के 200वें जयंती वर्ष के शुभ अवसर पर एयरपोर्ट का नाम उनके नाम पर रखा जाना महर्षि दयानंद सरस्वती को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।