दीपावली और छठ से पहले ग्रेटर नोएडा की सड़कों और चौराहों को नया रूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। प्राधिकरण ने कई प्रमुख स्थानों पर सजावटी लाइटें लगवाने के साथ विशेष अभियान भी शुरू किया है। आखिर शहर के किन इलाकों की बदलेगी सूरत और इस बार क्या होगा खास। पढ़े पूरी खबर।

Greater Noida News:दीपावली और छठ पर्व को लेकर ग्रेटर नोएडा में तैयारियां तेज हो गई हैं। त्योहारों के दौरान शहर को आकर्षक और रोशनी से जगमगाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत प्रमुख सड़कों, चौराहों, गोलचक्करों और रोटरी पर सजावटी लाइटें लगाई जा रही हैं। साथ ही बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों और हाईमास्ट लाइटों को भी दुरुस्त कराया जा रहा है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर विद्युत एवं यांत्रिक विभाग यह अभियान चला रहा है। प्राधिकरण का लक्ष्य है कि दीपावली और छठ के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर आकर्षक रोशनी के साथ बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ग्रेटर नोएडा में सजावटी लाइटें लगाने का काम शुरू हो चुका है। सूरजपुर घंटाघर चौक से मोजरबियर रोटरी तक नई सजावटी लाइटें लगाई गई हैं। इसके अलावा सूरजपुर घंटाघर चौक से परी चौक तक एक्सपो रोड की सभी सात रोटरी को झालर लाइटों से सजाया गया है। वहीं, 105 मीटर चौड़ी सड़क और जेपी स्टेडियम रोड की सजावटी लाइटें भी चालू कर दी गई हैं। तिलपता चौक से सिरसा तक 130 मीटर चौड़ी सड़क की आठ रोटरी पर भी सजावटी लाइटें जगमगा रही हैं।
प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि 2 नवंबर से 14 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और रोटरी पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों तथा हाईमास्ट लाइटों को ठीक कराया जा रहा है। इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित कर्मचारियों की ड्यूटी प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक लगाई गई है। कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शहर में कहीं भी अंधेरा नहीं रहना चाहिए। लाइट खराब मिलने पर उसे तत्काल ठीक कराया जाए।
ग्रेटर नोएडा की सुंदरता बढ़ाने के लिए प्राधिकरण प्रमुख चौराहों और गोलचक्करों पर आधुनिक डिजाइन के डेकोरेटिव पोल लगाने की योजना पर भी काम कर रहा है। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थलों, पार्किंग और प्रमुख मार्गों पर आकर्षक विद्युत सजावट की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शहर को सुंदर बनाने के साथ-साथ रात में सड़क सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को बेहतर करना भी है।
दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए प्राधिकरण का यह अभियान शहर के प्रमुख हिस्सों को नया स्वरूप देने की दिशा में अहम माना जा रहा है। सजावटी झालरों, आधुनिक डेकोरेटिव पोल और दुरुस्त स्ट्रीट लाइटों से शहर की रौनक बढ़ेगी। खराब लाइटों को ठीक कराने से रात में सफर करने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। प्राधिकरण का प्रयास है कि त्योहारों के दौरान ग्रेटर नोएडा के प्रमुख मार्ग और चौराहे रोशनी से जगमगाते नजर आएं।
विज्ञापन