
Greater Noida News : यूपी के ग्रेटर नोएडा में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) की बस ने शुक्रवार की सुबह ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा 3 के पास पैदल जा रहे एक मजदूर को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक बस को लेकर फरार हो गया। गंभीर स्थिति में मजदूर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मूल रूप से ग्राम हैबतपुर थाना विक्रमपुर जिला पटना, बिहार निवासी रवि पुत्र जगदीश सिंह ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित भगत सिंह स्कूल के पास किराये पर रह रहा है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहा है।
शुक्रवार की सुबह रवि अपने घर से पैदल ही लेबर चौक की तरफ जा रहा था। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा 3 स्थित साई मंदिर के पास पीछे से तेज गति में आ रही दिल्ली पब्लिक स्कूल की बस का चालक बस से अपना नियंत्रण खो बैठा और रवि को टक्कर मार दी। बस की टक्कर लगने से रवि सड़क पर गिर गया और बस का पहिया उसके पैर के ऊपर से उतर गया।
हादसे के बाद चालक घायल की हालत देखने की बजाय मौके से फरार हो गया। मौके से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना तुरंत थाना सूरजपुर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल रवि को उपचार के लिए कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह के मुताबिक घायल की हालत स्थिर बनी हुई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बस को बरामद कर लिया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। घायल के परिजनों को भी हादसे की जानकारी दे दी गई है।
ग्रेटर नोएडा : ट्रक के केबिन में घुसा भारी भरकम अजगर, मच गया हड़कंप
ग्रेटर नोएडा - नोएडा की खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें। देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।