
Greater Noida News Today : वेस्ट की इको विलेज 3 सोसायटी में रविवार की रात शराब के नशे में धुत्त चार युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। सातवें फ्लोर की स्लैप पर अर्धनग्न बैठे युवकों की हरकतों को देखकर जब अन्य लोगों ने विरोध किया तो उन्होंने जमकर गाली गलौज की। युवकों की हरकत से सोसाइटी में हंगामें की स्थिति बनी रही। हंगामे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना बिसरख पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इको विलेज 3 सोसायटी में किराये पर रहने वाले चार युवकों ने रविवार की रात अपने फ्लैट में जमकर शराब का सेवन किया। शराब के नशे में धुत्त युवक अर्धनग्न हालत में फ्लैट से बाहर निकल आए और हंगामा करने लगे। शराब के नशे में चूर युवक सातवें फ्लोर की स्लैप पर बैठकर अजीब अजीब हरकतें करने लगे। शोर शराबा सुनकर सोसायटी के अन्य लोगों ने युवकों को समझाने का प्रयास किया तो वह उनसे ही उलझ पड़े। युवकों ने सोसायटी के लोगो के साथ जमकर गाली गलौज और अभद्र व्यवहार किया।
इस दौरान कुछ लोगों ने युवकों द्वारा की जा रही हरकतों की वीडियो बना कर उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। सोसायटी वासियों ने वीडियो को नोएडा पुलिस को टैग करते हुए आरोपियों को खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हंगामा की सूचना मिलने पर मौके पर तुरंत थाना बिसरख पुलिस पहुंची। थाना प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि मौके से योगेश पुत्र श्याम सुंदर शर्मा, मनोज पुत्र राकेश शर्मा, आकाश पुत्र राजीव व आकाश पुत्र प्रताप सिंह को हिरासत में लिया गया। मेडिकल परीक्षण में आरोपियों द्वारा शराब पीने की पुष्टि हुई। चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। Greater Noida News Today