विज्ञापन
ग्रेटर नोएडा में बढ़ते प्रदूषण और धूल की समस्या को नियंत्रित करने के लिए प्राधिकरण ने बड़ा कदम उठाया है। शहर की प्रमुख सड़कों को धूल मुक्त बनाने के लिए एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई है, जिसके पहले चरण में कुल 37 सड़कों को शामिल किया गया है।

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा में बढ़ते प्रदूषण और धूल की समस्या को नियंत्रित करने के लिए प्राधिकरण ने बड़ा कदम उठाया है। शहर की प्रमुख सड़कों को धूल मुक्त बनाने के लिए एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई है, जिसके पहले चरण में कुल 37 सड़कों को शामिल किया गया है। आने वाले चरणों में अन्य मार्गों को भी इस योजना में जोड़ा जाएगा।
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों के तहत शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य सड़कों पर जमी धूल को हटाकर वायु गुणवत्ता में सुधार करना है। इस व्यापक सफाई अभियान में मैकेनिकल स्वीपिंग, मैनुअल क्लीनिंग, फुटपाथ और सेंट्रल वर्ज की सफाई, मलबा हटाने के साथ-साथ नियमित रूप से पानी का छिड़काव भी शामिल है। इसके अलावा, आठ दिनों के अंतराल पर दोबारा सफाई सुनिश्चित करने की भी व्यवस्था की गई है। Greater Noida News
प्राधिकरण के अनुसार यह विशेष अभियान 11 जुलाई तक चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एनजी ने स्वास्थ्य, परियोजना और उद्यान विभाग को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी के निर्देश दिए हैं, ताकि कार्य को प्रभावी तरीके से पूरा किया जा सके। अभियान की निगरानी के लिए वरिष्ठ प्रबंधक (स्वास्थ्य) राजेश गौतम को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके अनुसार इस पूरी प्रक्रिया में मशीनों के माध्यम से सड़क सफाई, मैनुअल श्रमिकों द्वारा सफाई, धूल और मलबा हटाना तथा वाटर स्प्रिंकलर और टैंकर से नियमित सफाई शामिल है। इसके साथ ही, जिन सड़कों पर गड्ढे या क्षति पाई जाएगी, वहां मरम्मत कार्य भी समानांतर रूप से किया जाएगा। अभियान को एक समग्र (कंपोजिट) स्वच्छता कार्यक्रम के रूप में लागू किया जा रहा है, जिसमें सभी विभागों का सहयोग लिया जा रहा है। अभियान के पहले ही दिन एपेक्स कोर्ट से एस्टेक सोसायटी तक, एलिट एक्स ग्रुप से सिक्का ग्रीन तक जैसे प्रमुख मार्गों पर सफाई कार्य किया गया। इसके अलावा अन्य रिहायशी और वाणिज्यिक क्षेत्रों में भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया। Greater Noida News
प्राधिकरण का लक्ष्य केवल अस्थायी सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि दीर्घकालिक समाधान पर भी काम किया जा रहा है। इसके तहत सड़क किनारों पर पेवमेंट और ग्रीन ग्रासिंग विकसित करने की योजना तैयार की गई है, जिसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने नागरिकों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा को स्वच्छ, सुंदर और धूल मुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। Greater Noida News
पहले चरण में जिन 37 प्रमुख मार्गों को शामिल किया गया है, उनमें एपेक्स कोर्ट से एसकेए ग्रीन सोसायटी, एपेक्स कोर्ट से एस्टेक सोसायटी, एलिट एक्स ग्रुप से सिक्का ग्रीन, सीवीटेक से एल्डिको, जीएनआईडीए फ्लैट से आयरिश प्लेटिनम, ईकोटेक-12 की आंतरिक सड़कें, सेक्टर-2 और सेक्टर-16 की आंतरिक सड़कें, नॉलेज पार्क-5 की सड़कें, हनुमान मंदिर से हरनंदी पुल, राइस पुलिस चौकी से चार मूर्ति चौक, 130 मीटर रोड, कासना टी-प्वाइंट, डीएमआईसी से डाढ़ा गोलचक्कर और अन्य प्रमुख मार्ग शामिल हैं। Greater Noida News
विज्ञापन