
Greater Noida (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी के परिसर में कर्मचारी का शव संदिग्ध परिस्थिति में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। ग्रेटर नोएडा पुलिस इस मामले को आत्महत्या बता रही है।
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना प्रभारी अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि मूल रूप से हाथरस का रहने वाला सतेंद्र पुत्र सोनपाल औद्योगिक क्षेत्र की एक कंपनी में काम करता था। सत्येंद्र कंपनी परिसर में ही रह रहा था। शुक्रवार की सुबह जब वह काम पर नहीं पहुंचा तो साथी कर्मचारी उसे देखने पहुंचे। सत्येंद्र अपने कमरे में फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। कर्मचारियों ने इसकी सूचना कंपनी प्रबंधन को दी। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतार कर और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फॉरेंसिक टीम द्वारा भी मौके से साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। सतेंद्र के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारणों का पता चल पाएगा। उन्होंने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
ग्रेटर नोएडा के थाना जेवर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित चल रहे दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों पर हत्या, लूट व डकैती के दर्जनों मुकदमे पंजीकृत हैं और पुलिस ने उनके खिलाफ पूर्व में गैंगस्टर की कार्रवाई की थी।
थाना प्रभारी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे शातिर बदमाश रामपुर बांगर अंडरपास के पास किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से खड़े हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टिंकू जोगी पुत्र शंकर योगी व बंटी जोगी पुत्र धर्मपाल जोगी निवासी ग्राम घरौंडा को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपी शातिर बदमाश है और हत्या लूट डकैती के कई मामले इन पर पंजीकृत हैं। पुलिस ने पूर्व में उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की थी इस मामले में दोनों आरोपी वांछित चल रहे थे।