
Greater Noida (चेतना मंच)। खुद को पुलिस चौकी का इंचार्ज बता कर लोगों पर रौब झाड़ रहे एक व्यक्ति को ग्रेटर नोएडा की थाना बादलपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी कार में लाल नीली बत्ती लगाने के साथ साथ पुलिस की गोल कैप रखी हुई थी। पकड़ा गया आरोपी ग्रेटर नोएडा (गौतमबुद्धनगर) जिलाधिकारी कार्यालय में संविदा पर कार्यरत है और शराब के नशे में चूर था।
ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के बादलपुर थाने के थाना प्रभारी ब्रह्मपाल सिंह ने बताया कि पुलिसकर्मी गिरधरपुर चौराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक बाइक चालक ने आकर सूचना दी कि ईश्वर चंद्र इंटर कॉलेज के पास एक कार चालक खड़ा हुआ है। कार में अंदर की तरफ लाल नीली बत्ती जल रही है। शराब के नशे में चूर कार सवार खुद को चौकी इंचार्ज बताकर लोगों पर रौब गालिब कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्हें कार सवार आसपास खड़े लोगों को धमकाता हुआ मिला। मौके पर मौजूद छपरौला निवासी ज्ञानेंद्र प्रसाद सिंह चौहान ने बताया कि कार सवार खुद को चौकी इंचार्ज बता रहा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि कार सवार से जब पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम पवन कुमार पुत्र कन्हैया निवासी ब्रह्मपुरी दादरी बताया। पवन ने बताया कि वह डीएम नोएडा के यहां पर संविदा पर कार्यरत है। शराब के नशे में लोगों को पुलिसकर्मी बनकर धमकाने के आरोप में उसके खिलाफ धारा 170, 171 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। पवन द्वारा गाड़ी के कोई कागजात न दिखाने पर कार को भी सीज कर दिया गया। Greater Noida