विज्ञापन

Greater Noida: नाबालिग किशोरी के साथ बलात्कार व उसकी अश्लील वीडियो वायरल करने के आरोप में वांछित चल रहे आरोपी को थाना बीटा-2 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ किशोरी के परिजनों ने पूर्व में छेडख़ानी व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कराया था। जांच के दौरान पता चला था कि आरोपी ने किशोरी को अपनी हवस का शिकार भी बनाया था।
थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर एडब्ल्यूएचओ सोसाइटी के पास से शिंटू को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ उसके पड़ोस में रहने वाली किशोरी के परिजनों ने गत दिनों छेड़छाड़ करने व उसकी अश्लील वीडियो को वायरल करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था।
मामले की विवेचना के दौरान किशोरी ने बताया कि आरोपी ने डरा धमका कर उसके साथ बलात्कार किया और इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने उसकी अश्लील वीडियो भी बना ली। अश्लील वीडियो को वायरल करने का भय दिखा कर आरोपी अक्सर उसके साथ छेड़छाड़ और बलात्कार करता था।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी शिंटू ने कुछ दिनों पहले किशोरी की अश्लील वीडियो को भी वायरल कर दिया था। जिसके पश्चात उसके परिजनों ने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी के खिलाफ शुरुआत में छेड़छाड़ व पॉस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान बलात्कार किए जाने की बात सामने आने पर मुकदमे में दुष्कर्म की धारा भी बढ़ाई गई है। पकड़े गए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन