Greater Noida : टॉयलेट में धमाका, सीट पर बैठे शख्स की हालत गंभीर
Greater Noida
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 06:28 PM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 136 से एक सनसनीखेज घटना ने सभी को चौंका दिया है। बताया जा रहा है कि सुबह के समय एक युवक अपने बाथरूम में था, तभी अचानक जोरदार धमाके के साथ आग लग गई। यह हादसा इतना भीषण था कि युवक गंभीर रूप से झुलस गया है। घटना के तुरंत बाद युवक को जिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
लीकेज बना धमाके की वजह
घटना ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 136 की बताई जा रही है। घटना के बाद हुई जांच में सामने आया है कि हादसा टॉयलेट में मीथेन गैस के रिसाव के कारण हुआ है। पीड़ित युवक के पिता, सुनील प्रधान ने बताया कि बाथरूम में लगे कमोड से गैस का रिसाव हो रहा था, जिसने अचानक आग पकड़ ली और धमाका हो गया। बताया जा रहा है कि गैस का दबाव इतना अधिक था कि उसने कमोड को तोड़ डाला और आग की लपटों में युवक झुलस गया।
लापरवाही पर उठे सवाल
स्थानीय निवासियों की मानें तो , ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा क्षेत्र में मीथेन गैस की निकासी के लिए पाइपलाइन बिछाई थी। लेकिन कई जगहों पर यह पाइपलाइन बंद पड़ी है या ठीक से काम ही नहीं कर रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पाइपलाइन में जाम होने के कारण गैस का दबाव बढ़ता जा रहा है, जो इस दर्दनाक घटना का कारण बना।
लोगों में डर का माहौल
बता दें कि इस हादसे के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन ऐसी गंभीर समस्याओं की अनदेखी कर रहा है। लोगों ने मांग की है कि पाइपलाइनों की तत्काल जांच और मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी और को इस तरह की घटनाओं का सामना न करना पड़े। Greater Noida :