
ग्रेटर नोएडा न्यूज : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अंतर्गत एसआईटी जांच से आच्छादित 533 प्रकरणों में से 237 प्रकरणों को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ऑनलाइन बोर्ड बैठक में ले जाकर खारिज किया गया है। इससे किसानों में आक्रोश फैल गया है। किसान सभा गौतमबुद्धनगर के अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने बयान जारी कर कहा कि सोमवार को किसान सभा विरोध प्रदर्शन कर घेराव करेगी। किसानों का शोषण लंबे समय से प्राधिकरण कर रहा है इसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नागर ने कहा कि किसानों की आबादी जहां है जैसी है वैसी ही प्राधिकरण को भी नियमित करनी पड़ेगी। हम किसी भी कीमत पर किसानों का शोषण बर्दाश्त नहीं करेंगे। प्राधिकरण को शासन से बात कर या शासन द्वारा प्रेषित पत्र को रद्द करना ही पड़ेगा। अभी 16 सितंबर को किसान सभा के आंदोलन के परिणाम स्वरूप लिखित में हुए समझौते के अनुसार किसानों के सभी मसलों को अक्टूबर महीने की बोर्ड बैठक से पास करना आवश्यक है। ऐसे में किसानों के लीज बैक के प्रकरणों को रद्द करने की खबर आने से किसान आक्रोशित हैं।
किसान सभा के प्रवक्ता डॉ. रुपेश वर्मा ने बताया कि सोमवार को प्लीज बैक प्रकरणों के मामले को लेकर प्राधिकरण के अधिकारियों से बातचीत की जाएगी अगर किसान प्रतिनिधि मंडल की वार्ता सफल नहीं होती है तो सैकड़ो की संख्या में एकत्र होकर जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण शुरू से ही किसानों के साथ दोगला व्यवहार करता आया है। प्राधिकरण की किसान विरोधी नितिया है। लेकिन अब किसान प्राधिकरण की मनमानी नहीं सहेंगे।