
Greater Noida : किसानों के ऊपर दर्ज मुकदमे एवं गांव में विकास कार्य को लेकर आज भारतीय किसान यूनियन (अंबावता) ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर प्रदर्शन किया है। किसानों की मांग है कि किसानों पर दर्ज मुकदमें तुरंत वापस लिए जाएं। गांवों का समुचित विकास कराया जाए। मांगे पूरी न होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
बताते चलें कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ अमनदीप दुली की शिकायत पर कई किसान नेताओं के खिलाफ सूरजपुर थाने में मुकदमा पंजीकृत हुआ था। जिसको लेकर जिले के किसानों में आक्रोश है। वहीं किसान गांव में विकास कार्य न होने से भी नाराज हैं। इन्हीं सब मांगों को लेकर आज सुबह से ही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर किसान एकत्र होने लगे और 11 बजे किसानों का जमावड़ा लग गया।
भारतीय किसान यूनियन (अंबावता) के दादरी तहसील अध्यक्ष राजकुमार रूपवास ने कहा कि प्राधिकरण गांव में विकास के नाम पर लोगों को धोखा देने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों के ऊपर दर्ज मुकदमें तत्काल वापस होने चाहिए।
समाचार लिखे जाने तक ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बाहर किसानों का आंदोलन एवं प्रदर्शन जारी था।