ग्रेटर नोएडा के किसानों के खिले चेहरे, मिले कोटे के प्लॉट
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
11 Sep 2025 03:49 PM
ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के सूरजपुर के मूल किसानों के लिए गुरूवार का दिन खुशियां लेकर आया। किसान कोटे के प्लॉट मिलने के बाद ग्रेटर नोएडा के किसानों के चेहरे खिल उठे। दादरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक तेजपाल नागर ने किसानों को उनके हक के प्लाटों का आवंटन पत्र दिया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा सूरजपुर क्षेत्र के किसानों को 6 % आवंटन के अंतर्गत प्लॉटों का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम में दादरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक तेजपाल नागर मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए और किसानों को प्लॉट आवंटन पत्र प्रदान किए। Greater Noida News
विधायक ने किसानों के हितों पर दिया जोर
तेजपाल नागर ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार सदैव किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों को न्याय दिलाना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोडऩा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आज किसानों को जो प्लॉट आवंटित किए जा रहे हैं, वे न केवल उनकी आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करेंगे बल्कि उनके परिवारों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर भी प्रदान करेंगे। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि क्षेत्र के किसानों और आम जनता के विकास से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। सडक़, शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई जैसे बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर कार्य हो
रहा है।
इस अवसर पर जिन किसानों को प्लॉट आवंटन पत्र प्रदान किए गए, उनमें प्रमुख रूप से राजेश कुमार, सतीश चंद्र पुत्र डालचंद, सुंदरलाल पुत्र डालचंद, प्रवीण, संतान देवी, राकेश चंद्र आदि शामिल हैं। इन किसानों ने विधायक का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार और प्राधिकरण की इस पहल से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। कार्यक्रम में सत्यपाल शर्मा (जिला मंत्री भाजपा), लक्ष्मण सिंघल (पूर्व महामंत्री भाजपा), सुबे चौहान (मलकपुर) बड़ी संख्या में प्राधिकरण के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं सैकड़ों की संख्या में किसान उपस्थित रहे। Greater Noida News