
Greater Noida Farmer Protest (अमन भाटी) : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर चल रहे धरने के 51वें दिन आज किसानों ने हवन से शुरुआत की। किसानों ने प्राधिकरण के कर्मचारियों और अधिकारियों की सदबुद्धि के लिए हवन किया। किसानों ने अपनी समस्याओं के हल न होने तक धरने पर बने रहने की बात फिर दोहराई। किसानों का कहना है कि जब तक मांगे पूरी नहीं हो जाती तब तक धरना जारी रहेगा। किसान भयंकर गर्मी के चलते भी रात और दिन धरने पर बैठे हुए हैं।
इस दौरान किसान सभा के अध्यक्ष नरेंद्र भाटी ने कहा कि हम जिन मांगों को लेकर पिछले 51 दिन से धरने पर बैठे हैं, वह सभी मांग हमारी जायज हैं और दशकों से लंबित हैं। परंतु प्राधिकरण में बैठे हुए अधिकारियों और कर्मचारियों की मानसिकता किसान विरोधी है। वह किसानों की किसी भी समस्या को हल नहीं करना चाहते और हमारे प्राधिकरण में वर्तमान में जो सीईओ है वह अस्थाई है। किसी अस्थाई अधिकारी से किसानों की समस्याएं हल नहीं हो सकती। हमें यहां स्थाई रूप से सीईओ की तैनाती चाहिए।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने बताया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक प्रतिनिधि मंडल का गठन किया है, जो 16 जून को किसानों के मध्य पहुंचेगा और उनके मुद्दों से अवगत होगा। जिन किसानों पर लाठीचार्ज हुई है उनके बारे में विस्तार से जानकारी एकत्रित कर राष्ट्रीय अध्यक्ष को रिपोर्ट सौंपेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि किसान पिछले लगभग 2 महीने से अपनी मांगों को लेकर और भयंकर गर्मी होने के बावजूद सड़कों पर बैठे हुए हैं। परंतु यहां के जनप्रतिनिधियों को इनकी कोई सुध नहीं ली है जबकि किसानों की पीड़ा को देखते हुए उन्हें आगे बढ़कर शासन के स्तर पर समस्याओं को हल कराना चाहिए था।
आज के धरने में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज काका भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि सपा किसानों के साथ है। जब तक किसानों की समस्याएं हल नहीं हो जाती तब तक सपा नेता व कार्यकर्ता भी किसानों के साथ धरने पर डटे रहेंगे। कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आदेश दिया है कि हर संभव किसानों की मदद की जाए। आज के धरने को समर्थन देने के लिए किसान बेरोजगार सभा के लोग भी पहुंचे।
किसान बेरोजगार सभा अध्यक्ष सुबेराम भाटी ने कहा कि किसान और बेरोजगारों की लड़ाई हम सभी मिलकर लड़ेंगे। एक तरफ तो प्राधिकरण हमारी समस्याओं का निराकरण नहीं कर रहा हैं, दूसरे हमारे क्षेत्र से हमारा मूल रोजगार समाप्त होता जा रहा है और हमारे बच्चे बेरोजगार घूम रहे हैं। उनके लिए रोजगार की कोई व्यवस्था नहीं है। प्राधिकरण कंपनियों को को प्लॉट अलॉट करते हैं उन्हें रियायती दर पर वह प्लॉट उपलब्ध कराए जाते हैं और स्थानीय बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार की व्यवस्था है। परंतु यहां की कंपनियां अपने यहां बोर्ड लगा देती हैं कि 200 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांव के युवाओं को रोजगार नहीं किया जाएगा। यह हमारे क्षेत्र के साथ अन्याय है और यह न्याय किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं होगा।
आज के धरने की अध्यक्षता बलबीर नागर व संचालन संदीप भाटी ने किया। हरेंद्र खारी, सतीश यादव, तिलक देवी, सुधीर भाटी, जगबीर नंबरदार, अजय पाल भाटी, सुरेंद्र यादव, प्रकाश प्रधान, अशोक आर्य, अमित नागर, रिंकू प्रधान, सुशांत भाटी, प्रशांत भाटी आदि सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। Greater Noida