
Greater Noida News (अमन भाटी) : भारतीय किसान यूनियन अजगर के नेतृत्व में यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र के किसानों ने रविवार को भैंस के आगे बीन बजाकर अपना विरोध प्रदर्शन किया। यह किसान सलारपुर अंडरपास पर पिछले 26 दिनों से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हुए हैं।
भारतीय किसान यूनियन अजगर के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरवीर नागर ने बताया कि पीड़ित किसान 15 मई से लगातार अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हुए हैं। लेकिन यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। जिसमें भैंस के आगे बीन बजाना कहावत बिल्कुल सटीक बैठती है। इसलिए आज किसानों ने भैंस के आगे बीन बजाकर यमुना प्राधिकरण के अधिकारियों के कान खोलने का काम किया।
किसानों ने कहा कि बहुत ही शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से किसान अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। लेकिन यमुना प्राधिकरण किसानों को पागल समझने की गलती कर रहा है। अगर किसान धरने पर बैठा है तो इसका मतलब यह नहीं है कि किसान अपने घर से फ्री है या उसके घर कोई काम नहीं है। प्राधिकरण के कान खोलने के लिए आने वाले समय में अन्य प्रकार से रणनीति बनाकर अधिकारियों के कान खोलने के लिए किसान बाध्य होगा।
उन्होंने बताया कि पिछले 9 सालों से आश्वासन से परेशान होकर किसान मजबूर होकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। लेकिन अधिकारी एयर कंडीशनर कमरों में बैठकर केवल किसानों को बरगलाने का काम कर रहे हैं। यमुना प्राधिकरण द्वारा माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना की जा रही है। जिस आदेश में कोर्ट ने किसानों को 64% अतिरिक्त प्रतिकर देने का निर्णय किया था, लेकिन सरकार की गैरजिम्मेदारी और यमुना प्राधिकरण के भ्रष्ट और तानाशाह अधिकारियों के मनमाने रवैया के चलते अभी तक मुआवजा वितरित नहीं किया गया है।
इस मौके पर अट्टा गुजरान, रीलख,सिलारपुर, अट्टा फतेहपुर, गढ़ी दनकौर, नवादा, महमदपुर, गुनपुरा, औरंगपुर, चचूला, डेरीन, जगनपुर, इमलिया आदि गांवों के सैकड़ों किसान उपस्थित रहे। Greater Noida