
Greater Noida: क्षेत्र के किसान आगामी 23 मार्च को एक बार फिर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। इस बीच किसानों ने कहा है कि यदि उनकी माँगें नहीं मानी गई तो वें प्राधिकरण की ईंट से ईंट बजा देंगे।
आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के किसान लम्बे अर्से से आन्दोलित हैं। इस बार किसानों ने 23 मार्च को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बाहर प्रदर्शन करने व धरना देने की घोषणा कर रखी है। इस प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए किसान नेता गाँव गाँव घूमकर समर्थन जुटा रहे हैं।
[caption id="attachment_76086" align="alignnone" width="700"]
Greater Noida News[/caption]
किसान नेता रूपेश वर्मा ने चेतना मंच को बताया कि अखिल भारतीय किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने आज ग्राम छोटी मिलक, पतवाडी, इटेड़ा रोजा याकूबपुर में जनसम्पर्क किया। उन्होंने ने बताया कि हैबतपुर में किसान महाराज सिंह की बैठक पर इकट्ठा हुए, जहां पर सभी ने अपने विचार प्रकट करते हुए प्राधिकरण पर किसानों का शोषण करने एवं किसानों की आबादी, 10 प्रतिशत प्लाट, रोजगार, भूमि खरीद के 4 गुने रेट एवं अन्य मुद्दों पर रोष एवं नाराजगी प्रकट की। सभा में किसान सभा के नेता गबरी मुखिया ने प्राधिकरण की ईंट से ईंट बजाने का ऐलान किया।
किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नेताजी ने 23 मार्च को प्राधिकरण पर बड़ी संख्या में किसानों के एकत्रित होने का ऐलान किया। किसान सभा के उपाध्यक्ष ब्रह्मपाल सूबेदार ने कहा कि जब तक किसानों की समस्या का हल नहीं होगा किसान अनिश्चितकालीन तौर पर धरना प्रदर्शन करते रहेंगे। इटेड़ा गांव के प्रधान रामवीर सिंह ने पंचायत की अध्यक्षता की जगबीर नंबरदार, विकास गुर्जर, बुध पाल यादव सुले यादव, सुरेश यादव, राजीव नागर, सरजीत यादव एवं बड़ी संख्या में नौजवान एवं किसानों ने आंदोलन में हिस्सा लेने का ऐलान किया।
श्री वर्मा ने बताया कि किसान सभा के कार्यकर्ताओं ने ग्राम चौगानपुर डेरिन में पंचायत की साथ ही घंघोला, सिरसा, रायपुर, डाबरा एवं सैनी में जनसंपर्क अभियान चलाया। सभी गांवों के प्रभावित किसानों ने 23 मार्च के आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का ऐलान किया।
श्री वर्मा के मुताबिक़ किसान 23 मार्च को सुबह 10:00 बजे प्राधिकरण पर धरना प्रदर्शन शुरू करेंगे एवं पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार 4:00 बजे प्राधिकरण सीईओ से किसानों के मुद्दों पर वार्ता की जाएगी। वार्ता के नतीजे के आधार पर आगे के आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।