
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में स्थित 18 गांवों के किसानों ने भूमाफ़िया बने सर्वोत्तम बिल्डर ग्रुप के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को रामगढ़ गांव में क्षेत्र के दर्जनभर गांवों के किसान प्रतिनिधियों ने बैठक का आयोजन किया। बैठक में किसानों ने सर्वसम्मति से आगामी 1 अक्टूबर को ग्राम बील अकबरपुर में महापंचायत का ऐलान किया है।
नोएडा व ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में नवगठित किसानों के संगठन ने तय किया है कि एक अक्टूबर को बील अकबरपुर गाँव में महापंचायत का आयोजन संयुक्त किसान मोर्चा (भू.अ.) के आह्वान पर किया जाएगा। किसानों की यह लड़ाई विभिन्न किसान संगठन संयुक्त रूप से लड़ने का काम करेंगे। किसानों का कहना है कि बिल्डर द्वारा समझौते की शर्तें पूरी किए जाने से पूर्व वो बिल्डर को अपनी जमीन पर कब्जा नहीं देंगे।
आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र की दादरी तहसील के बील अकबरपुर, दतावली, भोगपुर, रामगढ़ समेत 18 गांवों में अंसल बिल्डर (उत्तम स्टील) द्वारा मेगापॉलिस हाईटेक सिटी विकसित की जा रही है। जिसमें सर्वोत्तम बिल्डर के द्वारा किसानों से पूर्व में हुए समझौते की शर्तें पूरी किए बगैर ही किसानों की जमीन पर जबरन कब्जा लिया जा रहा है। वहीं जिन किसानों ने अभी तक भी बिल्डर को अपनी जमीन नहीं बेची है बिल्डर के द्वारा उनकी जमीनों पर भी कूटरचित नक्शे बनाकर भूमाफ़िया की भाँति मनमानी कीमत पर प्लॉट बेचे जा रहे हैं। ऐसा ही मामला शनिवार को ग्राम बील अकबरपुर में भी सामने आया था। जहां बिल्डर के प्रतिनिधि जमीन मालिक को ही उसकी जमीन में प्लॉट बेचने के लिए मौके पर पहुंच गए थे।
जय जवान जय किसान मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक सुनील फौजी ने कहा कि उत्तम स्टील, सर्वोत्तम बिल्डर और अंसल ग्रुप बगैर शर्तों को पूरा किए ही किसानों के साथ छल करने का प्रयास कर रहे है। जिसके चलते बिल्डर के द्वारा आए दिन लोक लुभावने विज्ञापनों के माध्यम से लाखों लोगों से अर्जी फर्जी नक्शे दिखाकर ठगा जा रहा है। वहीं किसानों के साथ भी धोखा कर उनकी जमीनों पर जबरन कब्जा किया जा रहा है। सुनील फौजी ने बताया कि अब किसानों की इस लड़ाई को एक बार फिर से नए रूप में लड़ा जाएगा। यह लड़ाई विभिन्न किसान संगठनों के द्वारा संयुक्त रूप से लड़ी जाएगी। जिसकी रूप रेखा बनाने के लिए आगामी 1 अक्टूबर को ग्राम बील अकबरपुर में किसानों व विभिन्न किसान संगठनों की एक माहपंचाय का आह्वान किया गया है।
जय हो सामाजिक संस्था के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार कपिल शर्मा ने पंचायत को संबोधित करते हुए कहा कि बिल्डर के लोग कूटरचित नक्शे पर प्लॉट बेचकर लोगों को ठग रहे हैं। इतना ही नहीं इस ठगी को करने के लिए बिल्डर के लोग मुख्यमंत्री का नाम भी प्रयोग कर रहे है। उन्होंने कहा कि किसान सर्व सम्मति से क्षेत्र में लगे बिल्डर के होर्डिंग व बोर्डो पर कालिख पोतने का काम किया जाएगा। वहीं अवैध रूप से किसानों के खेतों को बेचने में लगे बिल्डर के प्रतिनिधियों को कोई भी किसान अपने खेतों में खड़ा नहीं होने देगा।
इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन से वीर सिंह भाटी, देवेंद्र भाटी, भाकियू कृषक शक्ति से जितेंद्र भाटी, संजय भाटी, देशराज, धर्मेंद, रामकुमार, विनोद, ज्ञानेंद्र, मुकेश, दयानन्द, शेखर, कुलदीप भाटी, जितेंद्र भाटी, मोहित भाटी, लीलू भाटी, जयभगवान आदि लोग मौजूद रहे। Greater Noida