
Greater Noida : थाना बिसरख क्षेत्र के एमनाबाद गांव में आज सुबह गत्ते के गोदाम में आग लग गई। आग ने थोड़ी ही देर में भीषण रूप धारण कर लिया जिस कारण आज पड़ोस में रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना के बाद मौके पर पहुंची दमकल की दर्जनों गाडिय़ों ने आग पर काबू पाया।
चीफ फायर ऑफिसर प्रदीप चौबे ने बताया कि आज सुबह करीब 11 बजे अग्निशमन विभाग को एमनाबाद गांव में एक गत्ते के गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर तुरंत चार गाडिय़ों को रवाना किया गया। गोदाम में गत्ता भरा होने के कारण आग ने थोड़ी देर में विकराल रूप धारण कर लिया था।
आग की भयावहता को देखते हुए मौके पर और फायर टेंडर को बुलवाया गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। उन्होंने बताया कि आग की इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है लेकिन गोदाम में रखा गत्ता व अन्य सामान जलकर राख हो गया है।