
Greater Noida : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा शहर से एक बड़ी खबर आ रही है। शुक्रवार की देर रात ग्रेटर नोएडा के एक गांव में टेंट के गोदाम में अचानक से भीषण आग लग गई। जिस गांव में टेंट का गोदाम है, वह ग्रेटर नोएडा का खैरपुर गांव है। आग इतनी भयंकर थी कि देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। इस अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। आग को काबू करने के लिए फायर सर्विस की 10 गाड़ियों को लगाना, जब जाकर आग पर काबू पाया जा सका।
ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक 3 क्षेत्रांतर्गत खैरपुर गुर्जर गांव के पास ही एक टेंट का गोदाम है। बताया जाता है कि यह गोदाम बंद पड़ा हुआ है। शुक्रवार की देर रात टेंट के गोदाम में आग लग गई है। आग लगने की सूचना के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। आग इतनी भीषण थी कि रात में दूर से ही इसकी लपटें दिखाई दे रही थीं।
नोएडा- दिल्ली में झमाझम बरसे बादल, जानें आज कहां कहां होगी बारिश
मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि यह टेंट का गोदाम था, जिसमें काफी टेंट के कपड़े व लकड़ी का सामान था। इस वजह से आग और भीषण होती चली गई। इसके बाद आसपास की दमकल की गाड़ियों को बुलाया गया। इस दौरान करीब 10 दमकल की गाड़ियों द्वारा इस आग पर काबू पाने की कोशिश की जाने लगी। करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
गनीमत यह रही कि आग में कोई भी हताहत नहीं हुआ है क्योंकि गोदाम में जिस समय आग लगी उस समय वहां पर कोई मौजूद नहीं था। लेकिन इस आग से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। अभी तक आग लगने के कारण ज्ञात नहीं हो सके हैं। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। Greater Noida News