
Greater Noida (चेतना मंच)। पुरानी अली अलीवर्दीपुर गांव में पड़ोसियों के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्षों की तरफ से जमकर लाठी-डंडे चले और कई लोग घायल हो गए। दूसरी ओर एक सोसायटी में एओए अध्यक्ष ने पांच अन्य लोगों के साथ मिलकर एक व्यक्ति की जमकर धुनाई कर दी। दोनों मामलों में पुलिस से शिकायत की गई है। जिसके बाद पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, विगत 13 जून को ग्राम अली वर्दीपुर में रहने वाले अरविंद व वीर सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच गाली गलौज और मारपीट हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों की तरफ से जमकर लाठी-डंडे चले। इस संघर्ष में कई लोग घायल हो गए। दर्ज रिपोर्ट में अरविंद सिंह ने बताया कि गत 13 जून की सुबह उनके पड़ोस में रहने वाले वीर सिंह ने उनके साथ गाली गलौज की इस बात का जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपी उनके साथ मारपीट कर धमकी देकर चला गया।
अरविंद का आरोप है कि शाम के समय वीर सिंह व उसके साथ दो अज्ञात लोग लाठी-डंडे लेकर उसके घर में घुस आए। घर में घुसते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे व परिजनों को जमकर मारा पीटा। पिटाई से तीनों के सिर में चोट आई और वह लहूलुहान हो गए।
वहीं वीर सिंह का आरोप है कि अरविंद व उसके साथियों ने जबरन उसके घर में घुसकर उस पर और उसकी नाबालिग पुत्री के ऊपर जानलेवा हमला किया और उसकी बेटियों को उठाने की धमकी दी। वीर सिंह का आरोप है कि अरविंद अक्सर उसे जातिसूचक शब्दों से संबोधित करता है। इस बात का विरोध करने पर वह मारपीट पर उतारू हो जाता है। थाना प्रभारी सुनील दत्त ने बताया कि शिकायत पर दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
ग्रेटर नोएडा की ओमेक्स पाम ग्रीन्स सोसाइटी के जिम में हुए विवाद में कुछ लोगों ने एक व्यक्ति की पिटाई कर दी । पीड़ित ने थाना दादरी में सोसायटी के एओए अध्यक्ष सहित पांच लोगों के खिलाफ मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। सोसाइटी निवासी देवेंद्र कुमार ने बताया कि वह गत 2 जून को सोसाइटी के जिम में गए हुए थे। इस दौरान उनका चक्रेश सिंह व संजय वर्मा के साथ वाद विवाद हो गया। उस समय जिम में मौजूद सोसाइटी के लोगों ने मामले को रफा-दफा करा दिया। चक्रेश सिंह व संजय उसे धमकी देकर चले गए।
पीड़ित का आरोप है कि जब वह कुछ देर बाद जिम से बाहर निकला तो उसे चक्रेश सिंह, संजय वर्मा, संजय पांडे, विवेक गुप्ता और सोसाइटी के एओए अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने घेर लिया। चारों लोगों ने उसके साथ गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियो ने उसके साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी इस घटना के बाद भी उसे देख लेने की धमकी देकर प्रताड़ित कर रहे हैं। थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। Greater Noida