
Greater Noida (चेतना मंच)। कंटेनर डिपो के पीछे पाली गांव में अवैध रूप से मिट्टी खनन कर रहे मिट्टी माफिया प्राधिकरण की टीम को देखकर मौके से फरार हो गए। इस संबंध में दो लोगों के खिलाफ थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सर्किल 6 के सहायक प्रबंधक रामकिशन ने पुलिस को बताया कि गत 17 अगस्त की शाम को सूचना मिली कि कंटेनर डिपो के पीछे पाली गांव में कुछ लोग अवैध रूप से मिट्टी का खनन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर प्राधिकरण के अधिकारी व कर्मचारियों की टीम पुलिस को लेकर मौके पर पहुंची। प्राधिकरण अधिकारियों व पुलिस को देख कर ट्रैक्टर ट्रॉली में मिट्टी भर रहे दो लोग मौके से फरार हो गए।
इस दौरान दोनों ट्रैक्टर मिट्टी से भरी ट्रॉली भी मौके पर छोड़ गए। रामकिशन ने बताया कि ट्रैक्टर नंबरों के आधार पर फरार आरोपी की पहचान करण सिंह व सोनू के रूप में हुई। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सूरजपुर में अवैध रूप से मिट्टी खनन करने के आरोपी मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मौके पर छोड़ी गई मिट्टी से भरी ट्रैक्टर ट्राली को भी सीज कर दिया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। Greater Noida