
Greater Noida News : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बैठकर मैट्रोमोनियल साइट पर लड़कियों को अपने जाल में फंसाने वाले विदेशी दूल्हे को चैन्नई की क्राइम ब्रांच टीम ने गिरफ्तार किया। चैन्नई की पुलिस अब इस विदेशी दूल्हे को अपने साथ ले जाने के लिए कोर्ट के आदेश की प्रतीक्षा कर रही है। आरोप है कि पकड़ा गया विदेशी दूल्हा कई लड़कियों को अपना शिकार बनाकर लाखों रुपये की ठगी कर चुका है।
चैन्नई क्राइम ब्रांच टीम के एक अधिकारी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी नाइजीरिया का रहने वाला है और उसका नाम थैंक गॉड चुकवेमेक है। 33 वर्षीय आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने चैन्नई की एक युवती के साथ की ठगी की है।
चेन्नै क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बताया कि करीब 6 महीने पहले उनके यहां की एक तलाकशुदा युवती ने मैट्रिमोनियल साइट पर अपना प्रोफाइल अपडेट किया था। इस दौरान आशीष चिन्नार नाम के एक युवक ने उस साइट पर युवती से बातचीत शुरू कर दी। दोनों शादी करने के लिए तैयार हो गए। इसके बाद आरोपी करीब 6 महीने से युवती को झांसे में लेकर करीब 11 लाख रुपये की ठगी कर चुका है। युवती की शिकायत पर कार्यवाही करते हुए चैन्नई पुलिस ने आरोपी को दनकौर थाना क्षेत्र की सुपरटेक अपकंट्री सोसाइटी से गिरफ्तार किया है।
आरोपी अपना नाम, फोटो समेत पहचान बदलकर इंग्लिश में बात करता था। साथ ही खुद को भारतीय बताते हुए बेल्जियम में अधिकारी बताता था। ऐसे हाईप्रोफाइल के चलते युवती ने उससे शादी की बात की थी। जब युवती को पता चला कि आरोपी भारतीय नहीं बल्कि विदेशी है और नाम बदलकर उसके साथ शादी के नाम पर ठगी की है, तब उसने चैन्नई के वेपेरी थाने में केस दर्ज कराया था। पुलिस से कार्रवाई नहीं हुई तो मामला क्राइम ब्रांच तक पहुंचा। इसके आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही थी।
पकड़ा गया नाइजीरियन ठग युवती से ठगे गए रुपयों को दनकौर की एक यूनिवर्सिटी के पास एटीएम बूथ से निकालता था। उसकी लोकेशन टीम ने कई दिन पहले चिह्नित कर ली थी। साथ ही टीम ने एटीएम बूथ से मिली सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी उसकी पहचान कर ली थी। चार दिनों से चैन्नई क्राइम ब्रांच की टीम दनकौर क्षेत्र में आरोपी की तलाश कर रही थी। जब पुलिस को उसकी लोकेशन एक सोसायटी के पास मिली तो उसे मौके से धर दबोचा। टीम ने जब आरोपी की सोसाइटी पहुंचकर दस्तावेज, लैपटॉप समेत अन्य चीजें खंगालीं तो पता चला कि वह नाइजीरिया का रहने वाला है, उसका नाम थैंक गॉड चुकवेमेक है।
आरोपी का वीजा 2 अक्टूबर को समाप्त हो गया है। उसके बावजूद वह सोसाइटी में रह रहा था। यह ठग पढ़ाई के नाम पर वीजा लेकर अपने देश से 2018 में ग्रेटर नोएडा आया था। यहां रहकर वह ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहा है, उसने बताया कि पढ़ाई में उसका मन नहीं लगा। उसकी टीम में और भी सदस्य हैं जो ऐसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ये दिल्ली-एनसीआर में रह रहे हैं। आरोपी का कहना है कि उसके अन्य साथी लाइक करने के नाम पर लोगों के खाते से रकम उड़ा देते हैं।