
Greater Noida (चेतना मंच)। थाना जेवर में एक शिक्षक ने अपने पूर्व सहयोगी के खिलाफ धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। शिक्षक ने जान का खतरा भी बताया है।
पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में ग्राम गुलावटी जनपद बुलंदशहर निवासी लोकेश कुमार सैनी ने बताया कि वह कस्बा जेवर में स्थित प्रज्ञान पब्लिक स्कूल में शैक्षणिक प्रशासन समन्वयक कार्यरत है। जनवरी वर्ष 2023 में मूल रूप से ग्राम बसेरा जनपद अलीगढ़ निवासी सुरेंद्र सिंह बालियान शिक्षक के रूप में नियुक्त किए गए थे।
इस दौरान शिकायतें मिली कि सुरेंद्र सिंह बालियान ने विद्यार्थियों के प्रवेश परीक्षा में प्रश्नों के उत्तर बताकर घोटाला किया इसके अलावा कक्षा में पाठ का सही ढंग से व्याख्या नहीं करने, नोटबुक जांचने में त्रुटियां तथा विद्यार्थियों को पीटने की शिकायतें अभिभावकों की तरफ से संस्था को की गई।
इस बात की जांच मिलने पर उन्होंने उनके द्वारा कार्य की रिपोर्ट बनाकर संस्था को दी। जिस कारण सुरेंद्र सिंह बालियान को स्कूल द्वारा चेतावनी भी दी गई। लोकेश कुमार सैनी का कहना है कि उनके द्वारा दी गई रिपोर्ट से चिड़कर सुरेंद्र सिंह बालियान ने उन्हें कई बार जान से मारने की धमकी दी। लेकिन उन्होंने उसे नजर अंदाज कर दिया।
मिल रही लगातार शिकायतों के बाद सुरेंद्र सिंह बालियान ने विद्यालय से त्यागपत्र दे दिया। लोकेश कुमार सैनी के मुताबिक बीते 20 अक्टूबर को उनके मोबाइल फोन पर अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर गाली गलौज अभद्र व्यवहार व जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने इस मामले में सुरेंद्र सिंह बालियान पर शक जताते हुए अपने जानमाल की रक्षा की गुहार लगाई है।