
Greater Noida: अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। दुर्घटनाओं के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गए।
थाना सूरजपुर क्षेत्र के तिलपता गांव के पास तेज गति में आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार विक्रम पुत्र सुरेश निवासी दादरी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। इसी थाना क्षेत्र के जिला न्यायालय के सामने पैदल जा रहे एक राहगीर को तेज रफ्तार में आ रही स्विफ्ट कार ने कुचल दिया। गंभीर स्थिति में उसे अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की शिनाख्त रामकृष्ण पुत्र निर्मल सिंह निवासी मैनपुरी के रूप में हुई।
रामकृष्ण प्रिया गोल्ड कंपनी में नौकरी करता था और बीती शाम ड्यूटी खत्म कर वापस अपने घर के लिए जा रहा था। थाना फेस दो क्षेत्र में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से अखिलेश पुत्र कश्मीर सिंह निवासी कुलेसरा की मौत हो गई।
वहीं थाना सेक्टर-63 क्षेत्र के गढ़ी गोल चक्कर पर कैंटर की टक्कर लगने से बाइक सवार भूपेंद्रकी मौत हो गई। भूपेंद्र एक मिठाई की दुकान पर काम करता था और अपने साथी गिरीश के साथ बीती शाम बाइक से घर लौट रहा था। मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।