
Greater Noida (चेतना मंच)। औद्योगिक प्लॉट बेचने के नाम पर जालसाज ने एक व्यक्ति से 20 लाख से ज्यादा रूपये हड़प लिए। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ थाना बीटा-2 में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्राम तिलपता निवासी तरुण कुमार ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वर्ष-2019 में सेक्टर-150 की एटीएस सोसाइटी में रहने वाले समर अंजुम ने उनसे संपर्क कर अपना 200 मीटर का प्लॉट बेचने का प्रस्ताव रखा। समर अंजुम ने बताया कि उक्त प्लॉट उसकी मां मोहनी अंजुम के नाम है। प्लॉट का सौदा तय होने पर उसने समर अंजुम को 20 लाख 50 हजार रूपये दे दिए।
वर्ष 2019 में कोविड-19 महामारी के दौरान समर अंजुम की मां मोहनी अंजुम की मौत हो गई। इसके बाद जब उसने समर अंजुम से प्लॉट की रजिस्ट्री कराने को कहा तो उसने आनाकानी शुरू कर दी। शक के आधार पर जब उसने यूपीएसआईडीसी में उक्त प्लॉट के बाबत आपत्ति दर्ज कराई तो पता चला कि उक्त प्लॉट महेंद्र के नाम आवंटित है। उसे जब इस संबंध में समर अंजुम से बात की तो उसने उसे सेम साइज में एक अन्य प्लॉट देने का प्रस्ताव दिया।
पीड़ित का आरोप है कि 3 साल बीतने के बावजूद भी आरोपी ने ना तो प्लॉट दिया और ना ही उसके पैसे वापस किए हैं। पैसे वापस मांगने पर आरोपी खुद को हृक्रढ्ढ बता कर उसकी भू माफियाओं से हत्या कराने की धमकी दे रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है यह मामला न्यायालय के आदेश पर दर्ज किया गया है पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। Greater Noida News