
Greater Noida (चेतना मंच)। यूपी के ग्रेटर नोएडा में प्लॉट का फर्जी बैनामा दिखा कर जालसाज ने एक व्यक्ति से लाखों रुपये हड़प लिए। फर्जीवाडे का पता चलने पर पीड़ित में जब अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने गाली गलौज करते हुए उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। कोर्ट के निर्देश पर पीड़ित ने थाना जेवर में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
कस्बा जेवर के मानक चौक निवासी इंतजार ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि उसने वर्ष-2004 में मोहल्ला खलीफान निवासी गोवर्धन से एक प्लॉट का सौदा किया था। गोवर्धन ने उसे प्लॉट का बैनामा दिखाते हुए बताया कि उसने बुक प्लॉट को अल्लामेहर नामक व्यक्ति से खरीदा है। उक्त प्लॉट का सौदा 32 लाख रुपए में तय हुआ जिसके एवज में उसने एक लाख रुपये बयाने के रूप में दे दिए। प्लॉट के बैनामे की तारीख 3 माह की तय हुई। इसका एक एग्रीमेंट भी बनवाया गया। निर्धारित समय के पश्चात भी गोवर्धन ने प्लॉट का बैनामा उसके नाम नहीं कराया।
इस दौरान उसने साढ़े तीन लाख रुपये और गोवर्धन को दे दिए। इंतजार के मुताबिक इस दौरान उसे पता चला कि गोवर्धन ने उसे कूटरचित बैनामा दिखाया था। उक्त बैनामे की जमीन की खतौनी में खरीदार के नाम वह नहीं थे, जो बैनामे में दर्ज थे। उसने इस बारे में जब गोवर्धन से बात की तो वह आग बबूला हो गया और गाली गलौज कर जांच करने की धमकी देने लगा।
इंतजार के मुताबिक उसने 2 मार्च 2023 को गोवर्धन से अपने पैसे मांगे तो उसने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी के मुताबिक पीडि़त की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। यह मामला नोएडा कोर्ट के निर्देश पर दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।