
Greater Noida (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा के थाना सेक्टर 39 पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी महादेव एप के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले गिरोह का सदस्य है।
थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर झांसी निवासी हिमांशु पुत्र राजकुमार को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मामला दर्ज था और वह इसमें वांछित चल रहा था। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया हिमांशु महादेव अप के जरिए सट्टा खिलाने वाले गिरोह का सक्रिय सदस्य है। थाना पुलिस ने पूर्व में कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के 18 सदस्यों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की थी।
नोएडा के थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के सेक्टर-62 के एक पीजी में रहने वाली तीन लड़कियों के कमरे से चोरों ने मोबाइल फोन लैपटॉप अन्य सामान चोरी कर लिया। रसूलपुर नवादा गांव में रायसन पीजी चलाने वाले नीरज राय ने बताया कि उनके पीजी रूम नंबर 103 में उपासना गुप्ता, जाह्नवी सिंह और तनीषा व्यास रह रही हैं। बीते 12 दिसंबर की शाम को अज्ञात चोरों ने उनके कमरे से तीन मोबाइल फोन, लैपटॉप, नकदी, एटीएम कार्ड, क्रेडिट कार्ड ,आधार कार्ड, पैन कार्ड आदि चोरी कर लिए। थाना प्रभारी ने बताया कि पीजी मालिक की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
नोएडा के थाना सेक्टर-58 पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है पकड़े गए बदमाश के पास से लूट गए 4 मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक में चाकू बरामद हुए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम रजत विहार के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान सेक्टर 55-56 की तरफ से बाइक पर आ रहे दो युवकों को पुलिस ने रोकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार भगाने लगे।
संदेह के आधार पर पुलिस ने जब पीछा किया तो तेज गति में जा रहे युवकों की बाइक रोड पर लगे बैरियर्स से टकराकर गिर पड़ी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने दोनों को दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से चाकू व मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सावेज पुत्र परवेज तथा हैदर पुत्र असलम निवासी त्रिलोकपुरी दिल्ली बताया। थाना प्रभारी के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उनके पास से बरामद बाइक चोरी की है और उन्होंने इसे दिल्ली से चोरी किया था। चोरी की बाइक को वह मोबाइल लूट की वारदातों में प्रयोग करते थे। चोरी की बाइक पर सवार होकर वह राह चलते लोगों से मोबाइल फोन लूटने की घटनाओं को अंजाम देते हैं।
नोएडा में चोरी करने वाले गिरोह के सदस्यों ने अलग-अलग स्थान पर चोरी की तीन वारदातों को अंजाम दिया। चोर टॉवरों से कीमती उपकरणों को चोरी कर ले गए। एसजी एनकोन कंपनी के सिक्योरिटी हेड सुशांत त्यागी ने थाना फेस-1 में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि बीते 3 अगस्त की रात्रि को चोरों ने सेक्टर 41 की ग्रीन बेल्ट में लगे टॉवर से आरआरयू, क्लैंप, पावर कनेक्टर केवल टीडीडी, जंपर आदि सामान चोरी कर लिया।
थाना फेस-3में दर्ज कराई रिपोर्ट में सुशांत त्यागी ने बताया कि चोरों ने चोटपुर कॉलोनी के पास ग्रीन बेल्ट में लगे मोबाइल टावर से कीमती उपकरण चोरी कर लिए इसी थाना क्षेत्र के गढ़ी चौखंडी गांव के पास लगे मोबाइल टावर पर भी चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि तीनों मामलों की रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।