Greater Noida : रफ्तार के शौकीन हो जाएं तैयार, बुद्घ इंटरनेशनल सर्किट फिर होगा गुलजार
Greater Noida: Get ready for speed enthusiasts, Budh International Circuit will be buzzing again
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 02:11 AM
Greater Noida : ग्रेटर नोएडा में पिछले कुछ सालों से वीरान पड़ा बुद्घा इंटरनेशनल सर्किट एक बार फिर गुलजार होने वाला है। बाइक रेसिंग के शौकीनों के लिए इस ट्रैक पर सितंबर माह में मोटरबाइक दौड़ेंगी। भारत में पहली बार हो रहे ‘मोटो जीपी भारत-2023’ के लिए बुद्घा इंटरनेशनल सर्किल में तैयारियां शुरू हो गयी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मोटर बाइक रेस के लिए पहला टिकट भी जारी कर दिया है।
Greater Noida :
सीएम योगी ने जारी किया टिकट
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत की मेजबानी में पहली बार आयोजित होने जा रही विश्व की सबसे तेज मोटर बाइक रेस ‘मोटो जीपी भारत-2023’ के पहले टिकट का अनावरण किया। इस खास मौके पर मोटो जीपी के आयोजनकर्ताओं ने विश्व प्रसिद्ध स्पेनिश राइडर इनिया बास्टियानिनी की ओर से मुख्यमंत्री को एक हेलमेट भेंट किया गया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी अपने हस्ताक्षर के साथ एक हेलमेट राइडर बास्टियानिनी को उपहार स्वरूप भेजा।
इस मौके पर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहली बार भारत की मेजबानी में प्रदेश में बुद्धा इंटरनेशनल सर्किट, ग्रेटर नोएडा में 22 सितंबर से 24 सितंबर- 2023 तक होने वाले ‘मोटो जीपी’ का आयोजन गर्व और हर्ष का विषय है। मोटो जीपी का सफल संचालन वैश्विक स्तर पर ‘ब्रांड उत्तर प्रदेश’ को मजबूती से स्थापित करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के असहयोग और उदासीनता के कारण उत्तर प्रदेश में लाई गई ‘फार्मूला वन रेस’ को मात्र एक बार आयोजित कराकर बंद कर दिया गया था। यही कारण है कि इस रेस के आयोजक सीईओ कार्मेलो जब गत वर्ष मुझसे मिले थे, तब वह यूपी में इस रेस के आयोजन को लेकर सशंकित थे। मैंने उन्हें इस आयोजन के संबंध में सरकार के पूर्ण सहयोग और सुरक्षा का भरोसा दिया था।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मोटो जीपी के सदस्य देशों में 12 देश जी-20 के सदस्य हैं। इसमें अमेरिका, आस्ट्रेलिया, फ्रांस और जापान भी शामिल हैं। भारत जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है और जिस समय यह प्रतियोगिता आयोजित होगी, उसी समय जी-20 के राष्ट्राध्यक्ष नई दिल्ली में उपस्थित होंगे। इस मौके पर खेल राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव और खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल भी उपस्थित थे।
पैकेज में मिलेंगे टिकट
बुद्घा इंटरनेशनल सर्किट में सितंबर माह में आयोजित होने वाली ‘मोटो जीपी भारत-2023’ के लिए टिकट ऑनलाइन बुक माय शो से खरीदे जा सकते हंैं। तेज रफ्तार बाइकों को ट्रैक पर दौड़ते देखने के लिए शौकीनों को 2000 से 40 हजार रूपये तक खर्च करने होंगे। तीन दिन के पैकेज के रूप में टिकटों को बेचा जाएगा।