
Greater Noida (चेतना मंच)। प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में काम करने वाली एक युवती के खिलाफ प्रॉपर्टी डीलर ने थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज कराया है। पीडि़त का आरोप है कि युवती उसे झूठे मुकदमे में फंसाने के साथ-साथ जान से मारने की धमकी दे रही है।
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-2 स्थित इरोज सम्पूर्णम सोसायटी में रहने वाले धर्मपाल गिरी ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने वर्ष 2018 में आशी जायसवाल नामक युवती को टेलीकॉलर के लिए रखा था। आशी जायसवाल ने उनके यहां वर्ष 2021 तक कार्य किया। इस दौरान सैलरी को लेकर हुए विवाद के बाद उन्होंने उसे नौकरी से निकाल दिया। धर्मपाल गिरी के मुताबिक आशी जायसवाल उसे फोन पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही है।
युवती का कहना है कि अगर उसे वापस नौकरी पर नहीं रखा गया तो वह उसे झूठे मुकदमे में फंसा देगी। पीड़ित का आरोप है कि आशी जायसवाल कभी भी उसके ऑफिस पर आ जाती है और साथ बैठे ग्राहकों के अलावा उसके साथ भी गाली-गलौज करती है। युवती की इस हरकत की वजह से उन्होंने पिछले 15 दिनों से अपने ऑफिस को भी बंद करके रखा हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 में एक व्यक्ति ने अपने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित का आरोप है कि चालक उनकी स्विफ्ट डिजायर कार को ले गया और उसको वापस नहीं कर रहा है। मूल रूप से जनपद एटा निवासी सुखदेव ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह ग्रेटर नोएडा के सेक्टर सिग्मा-1 बी ब्लॉक में रह रहा है। वह ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करता है उसने अपनी स्विफ्ट डिजायर कार चलाने के लिए हाथरस निवासी पंकज को चालक के रूप में रखा था।
बीते 23 अक्टूबर को पंकज उनकी कार ले गया जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। उन्होंने कई बार पंकज को फोन कर कार वापस लौटाने की बात कही। लेकिन उसने कार लौटाने से साफ इंकार कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर चालक के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर लिया गया है।