Greater Noida:ग्रेटर नोएडा में कल से सजेगा हस्तशिल्प का बाजार
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:35 AM
ग्रेटर नोएडा । कोरोना महामारी का असर कम होने के बाद दुनिया के सबसे बड़े हस्तशिल्प मेले का आगाज कल से ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर मार्ट में होगा। इसमें देश भर के डेढ़ हजार से अधिक भारतीय हस्तशिल्प निर्यातक अपने उत्पादों को प्रदर्शित करेंगे।
इंडिया एक्सपोमार्ट में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में ईपीसीएच के अध्यक्ष राजकुमार मल्होत्रा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हस्तशिल्प मेले आईएचजीएफ दिल्ली मेले का 52वां संस्करण कल से शुरू होगा। मेले में 2000 से अधिक उत्पादों को 300 से अधिक विकसित डिजाइनों के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। इनमें हाउसवेयर, होम फर्निशिंग फर्नीचर, गिफ्ट, लैम्पस, लाइटिंग, फेस्टिव डेकोर, फैशन ज्वैलरी आदि शामिल होंगे।
ईपीसीएच के महानिदेशक डा. राकेश कुमार ने बताया कि स्थिति अब सामान्य हो रही है। इसलिए इस हस्तशिल्प मेले का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ईपीसीएच बीटूबी व्यापार प्रदर्शनियों के लिए डब्ल्यूएचओ और भारत सरकार द्वारा जारी किए गए सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल और एसओपीज के साथ इस मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जाएगा।
इस दौरान महत्वपूर्ण विषयों पर नॉलेज सेमिनार भी आयोजित किए जाएंगे। इस बार मेले में पूर्वोत्तर के हस्त शिल्पियों, राजस्थान, लददाख, जम्मू और कश्मीर, बिहार और दक्षिण क्षेत्रों के पवेलियन विदेशी खरीददारी के लिए मुख्य आकर्षण का केन्द्र होंगे।