ग्रेटर नोएडा शहर को बनाया जाएगा और अधिक हरा भरा शहर
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
01 Jul 2025 01:48 AM
ग्रेटर नोएडा शहर सर्वाधिक हरा भरा शहर माना जाता है।ग्रेटर नोएडा की हरियाली देखकर हर कोई यही कहता है कि ग्रेटर नोएडा से अधिक हरा भरा शहर दूसरा कोई नहीं है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बड़ा फ़ैसला लेते हुए ग्रेटर नोएडा शहर को और अधिक हरा भरा शहर बनाने का अभियान छेड़ा है । ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ( CEO ) रवि कुमार एन जी ने ग्रेटर नोएडा शहर में सवा लाख नए पौधे लगाने की घोषणा की है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के CEO ने कहा है कि जन सहभागिता के साथ ग्रेटर नोएडा शहर को और अधिक हरा भरा शहर बनाया जाएगा ।
जन सहभागिता पर रहेगा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का फ़ोकस
एनसीआर के सबसे ग्रीन शहर ग्रेटर नोएडा को और हरा-भरा बनाने के लिए इस वर्ष के पौधरोपण अभियान में जनसहभागिता पर जोर रहेगा। शासन ने प्राधिकरण को सवा लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया है, मगर सीईओ एनजी रवि कुमार ने इसे बढ़ाकर लगभग दो लाख कर दिया है। इसमें बड़े आकार वाले पौधों के साथ ही झाड़ियों की प्रजाति के पौधे भी शामिल हैं। इस लक्ष्य को पाने के लिए सोमवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने उद्यान विभाग की टीम के साथ बैठक की और इस अभियान को सफल बनाने के लिए जनभागीदारी पर जोर दिया। इसके लिए एनजीओ, सामाजिक संगठनों और आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियोें का भी सहयोग लिया जाएगा।
दरअसल, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने शासन से पौधरोपण के लक्ष्य को हासिल करने और ग्रेटर नोएडा व ग्रेनो वेस्ट को और अधिक हरा-भरा बनाने के लिए बृहद स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाने को कहा है। इसी सिलसिले में प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने सोमवार को बैठक की। बैठक में पौधरोपण अभियान को सफल बनाने पर चर्चा की गई।
ग्रेटर नोएडा में हरियाली को बढ़ावा देने के लिए पौधरोपण अभियान के अंतर्गत प्राधिकरण ग्रेटर नोएडा के आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों, संस्थाओं, ग्राम संगठनों, एनजीओ आदि को पौधरोपण के लिए प्रोत्साहित करेगा। इसके लिए उद्यान विभाग के प्रभारी डीजीएम संजय कुमार जैन और सहायक निदेशक बुद्ध विलास को नोडल ऑफिसर बनाया गया है। इसके साथ ही अगर कोई सोसाइटी या संस्था ग्रीन बेल्ट को अडाॅप्ट कर उसे विकसित करना चाहती है, तो प्राधिकरण उसके लिए भी तैयार है। इस बैठक के दौरान फ्लोरीकल्चर सोसाइटी और केंद्रीय विहार सोसाइटी के प्रतिनिधि भी एसीईओ से मिले और ग्रीन बेल्ट के मेंटेनेंस की इच्छा जताई।
केंद्रीय विहार सोसायटी के प्रतिनिधि ने समिति के सामने की ग्रीन बेल्ट को मेनटेन करने और फ्लोरीकल्चर सोसायटी ने ईटा वन में ग्रीन बेल्ट को मेनटेन करने का प्रस्ताव दिया है। दोनों संगठनों को ग्रीन बेल्ट की साइट विजिट भी कर दी गई है। इसके अलावा आईआईपीपीटी संस्था के सचिव संजीव कुलश्रेष्ठ भी एसीईओ से मिले और 10 एकड़ एरिया में ग्रीन बेल्ट को विकसित करने के लिए लगभग 25 हजार पौधे लगाने व उसको मेनटेन करने का प्रस्ताव दिया।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बैठक में इनकी रही मौजूदगी
सोमवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बैठक में उद्यान विभाग के प्रभारी डीजीएम संजय कुमार जैन, प्रभारी वरिष्ठ प्रबंधक पीपी मिश्र, सहायक निदेशक उद्यान बुद्ध विलास सहित उद्यान विभाग की टीम मौजूद रही।ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ रवि कुमार एन जी ने कहा है कि पौधे लगाने का उत्तरदायित्व सिर्फ सरकारी संस्थानों तक सीमित न रहे, बल्कि ग्रेटर नोएडा के हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह कम से कम एक-एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल करे। घरों की बालकनी में भी गमले में पौधे लगाएं। इससे शुद्ध हवा मिलती रहेगी।
नोएडा की इस कंपनी ने दबाए वेंडर्स के करोड़ों रुपए